BREAKING रतलाम में 100 आपदा मित्रों के पहले बैच का प्रशिक्षण पूरा, अब 400 और युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

📖 1 min read

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में एसडीईआरएफ (SDERF) एवं होमगार्ड विभाग द्वारा आयोजित 7 दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। होमगार्ड लाइन, जिला रतलाम में आयोजित समापन कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को आपदा के दौरान बचाव कार्य और राहत संबंधी जरूरी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत, विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्रीकृष्णपाल सिंह बघेल और डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीआरएफ श्रीमती रोशनी बिलवाल मौजूद रहीं। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए विषयों को लेकर फीडबैक लिया और उनसे चर्चा की।

दूसरों की मदद करें, लेकिन अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें

मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत ने आपदा मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “नेकी कर दरिया में डाल के सिद्धांत पर कार्य करें। दूसरों की सहायता अवश्य करें, लेकिन स्वयं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।”

उन्होंने आपदा के समय संयम के साथ कार्य करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्रीकृष्णपाल सिंह बघेल ने भी प्रशिक्षणार्थियों से आपदा और उससे बचाव के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने भविष्य में आपदा के दौरान बेहतर तरीके से कार्य करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।

प्रशिक्षणार्थियों को दिए गए प्रशस्ति-पत्र

7 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा होने के बाद मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड जिला रतलाम श्रीमती रोशनी बिलवाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सैनिक 1204 तुषार भट्ट ने किया।

रतलाम में 500 आपदा मित्रों को मिलेगा प्रशिक्षण

जिले में कुल 500 आपदा मित्रों को प्रशिक्षण दिया जाना है। वर्तमान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम 100 आपदा मित्रों के पहले बैच का था। आने वाले समय में इसी तरह के चार और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शेष आपदा मित्रों को आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के जवानों द्वारा आपदा से निपटने की बारीकियां, बचाव कार्य और आपात परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से सहायता पहुंचाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में होमगार्ड कंपनी कमांडर श्री बद्री मण्डलोई, प्लाटून कमांडर श्रीमती ज्योति बघेल सहित होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के जवान उपस्थित रहे।

0%