
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व शहर में इस वर्ष भी जवाहर व्यायामशाला परिवार और अंबर ग्रुप द्वारा भव्य सम्मान साफा (वाहन) रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली रविवार सुबह 10:00 बजे जवाहर व्यायामशाला परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्राचीन गढ़कैलाश महादेव मंदिर पर सम्पन्न होगी।
शहरभर में निकलेगी विशाल रैली
रैली के शुभारंभ से पहले, सुबह 10 बजे जवाहर व्यायामशाला परिसर में शहर व आसपास के 20 से अधिक साफा बांधने वाले उस्ताद युवाओं को पारंपरिक सम्मान साफा पहनाएंगे। इसके बाद रैली सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, धानमंडी, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चांदनी चौक, त्रिपोलिया गेट से होकर गुजरेगी और श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर पर पहुंचेगी।
महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन
रैली के समापन के बाद भगवान गढ़कैलाश का अभिषेक, महाआरती और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर हज़ारों शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है, जिससे शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल बनेगा।
दौलत जाट पहलवान के नेतृत्व में ऐतिहासिक आयोजन
इस भव्य आयोजन का नेतृत्व दौलत जाट पहलवान, सूरज पहलवान, अंबर पहलवान, अभिषेक पहलवान, वैभव पहलवान, मयंक पहलवान, गौरव पहलवान और अमन पहलवान कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों, धर्मप्रेमी जनता और युवाओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार व मित्रों सहित इस रैली में बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। शिवभक्तों के जोश और आस्था से सराबोर यह आयोजन शहर में भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।