रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों पर हो रहे हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला रविवार रात सामने आया जब झाबुआ जिले के थांदला टोल नाके को पार करते ही एक कार पर अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। घटना में कार के आगे के दोनों शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और तेजी से कार को धामनोद टोल नाके तक ले गया।

पत्नी को छोड़कर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, सैलाना निवासी अकील खान अपनी पत्नी अमरीन को मायके छोड़कर वापस लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जब वे थांदला टोल नाका पार कर रतलाम सीमा में दाखिल हुए, तभी अचानक कार पर दो बड़े पत्थर फेंके गए। इससे कार के आगे के दोनों शीशे टूट गए और कांच के टुकड़े पूरे केबिन में बिखर गए।

ड्राइवर ने दिखाई हिम्मत, बाल-बाल बचे
कार चला रहे ड्राइवर सद्दाम शाह ने पूरी हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए गाड़ी नहीं रोकी और सीधे धामनोद टोल नाके तक पहुंच गए। वहां टोल कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी गई और फिर धामनोद पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बड़ा हादसा टल सकता था
घटना के बारे में अकील खान ने बताया कि अगर उस समय ड्राइवर का संतुलन बिगड़ जाता या कोई पत्थर सिर पर लगता, तो जान का नुकसान भी हो सकता था। पत्थर इतनी तेजी से आए थे कि उनका असर जानलेवा हो सकता था।
पुलिस जांच में जुटी
धामनोद पुलिस चौकी प्रभारी आनंद बागवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना थांदला थाना क्षेत्र की लग रही है। मामले की जानकारी संबंधित थाना क्षेत्र को भेज दी गई है और वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
लगातार हो रहे हैं हमले, सुरक्षा पर सवाल
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन को इन घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करनी होगी, ताकि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: जावरा में टैंकर के पहिए के आगे लेटा युवक, CCTV में कैद हुई घटना, मौत के बाद सड़क पर हंगामा
- Ratlam News: रतलाम में घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवारों ने पीछे से मारी गोली; CCTV में कैद हुए संदिग्ध
- रतलाम में सेवा भारती का भव्य कन्या पूजन समारोह, 1600 से अधिक कन्याओं का पूजन, 500 से ज्यादा समाजजन हुए शामिल