रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भगवान महावीर स्वामी का 2624वां जन्म कल्याणक महोत्सव सकल जैन श्रीसंघ रतलाम के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः चैमुखीपुल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके पश्चात जैन स्कूल परिसर में धर्मसभा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्वामी वात्सल्य के साथ हुआ।


कार्यक्रम के दौरान आचार्य प्रवर प्रसन्न चंद्र मसा, साध्वी कीर्तिप्रभा, स्मितदर्शा, सौरभप्रभा, सुयशप्रभा, प्रबलयशा, साध्वी डॉ. कुमुदलता, पद्मकीर्ती व अन्य संतों की निश्रा में मंगलाचरण के साथ आयोजन की शुरुआत हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी और कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप उपस्थित रहे। इस अवसर पर कोठारी ने कहा, “भगवान महावीर का ‘जियो और जीने दो’ का संदेश आज की दुनिया की सबसे बड़ी ज़रूरत है। अगर इसे अपनाया जाए तो सारी समस्याओं का हल संभव है।” चेतन्य काश्यप ने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत—अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत—आज भी पूरी दुनिया के लिए मार्गदर्शक हैं।

कार्यक्रम में सकल जैन श्रीसंघ के ललित कोठारी, राजेन्द्र खाबिया, प्रकाश मूणत, निर्मल लुनिया, जयंत बोहरा, महेन्द्र चाणोदिया, सुशील छाजेड़, अभय पोरवाल, ओम अग्रवाल, राजेश सुराना सहित प्रमुख पदाधिकारी मंचासीन रहे। संचालन प्रकाश मूणत और आभार प्रदर्शन महेन्द्र चाणोदिया ने किया।
आचार्य प्रसन्न चंद्र ने अपने प्रवचन में कहा कि, “देव, धर्म और गुरु की असाधना, परमात्मा की असाधना के समान है। हमें इस दुर्लभ मानव जीवन को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए।” महासती कुमुदलता ने सभी जैन संघों के एक साथ जन्म कल्याणक मनाने को सौभाग्य बताया। साध्वी प्रबलयशा ने कहा कि महावीर के सिद्धांतों को मंदिरों से निकालकर मन में उतारना होगा, तभी जीवन सार्थक होगा।
इस अवसर पर देवसुर तपागच्छ, साधुमार्गी जैन संघ, धर्मदास संघ, वर्धमान स्थानकवासी संघ, तेरापंथ महासभा, त्रिस्तुतिक संघ, खरतरगच्छ, ज्ञानगच्छ, शांत कांत संघ, पाश्र्वनाथ मित्र मंडल, सज्जन मिल क्षेत्र संघ, आदिनाथ कुन्दकुन्द कहान दिगम्बर समिति, दिगम्बर साठ घर गोठ, दिगम्बर स्टेशन संघ, हुम्मड समाज, दिगम्बर नरसिंहपुरा संघ, सुधर्मा सेवा संघ के पदाधिकारी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Latest News
- Ratlam News: रतलाम में स्पीड ब्रेकर पर कार बेकाबू, डिवाइडर से टकराकर पलटी; VIDEO में कैद हुआ हादसा
- Ratlam News: किस्तें जमा करने के बाद भी मोबाइल लॉक, विरोध पर युवक से मारपीट; 300 से ज्यादा लोग धरने पर बैठे
- MP News: लाड़ली बहना योजना पर हाईकोर्ट में याचिका, ₹1500 की किस्त रोकने की मांग; सरकार से 4 हफ्ते में जवाब