रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जैन दिवाकर स्मारक पर आयोजित महामंगलकारी अनुष्ठान के पावन अवसर पर पूज्या अनुष्ठान आराधिका, ज्योतिष चन्द्रिका डॉ. साध्वी कुमुदलता माताजी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए हमें अपने बच्चों को धर्म से जोड़ते हुए संस्कार शिविरों में भेजना होगा, जिसकी शुरुआत घर और समाज से करनी होगी।


उन्होंने कहा कि हम रोज प्रवचन और उपदेश सुनते हैं, लेकिन उन्हें आत्मसात नहीं करते। यदि हम सप्ताह में एक बार अनुष्ठान करें, तो अपने जीवन को कल्याणकारी दिशा दे सकते हैं। पूज्या महासती महाप्रज्ञा, साध्वी पद्मकीर्ति और साध्वी राजकीर्ति ने भी अपने सुमधुर भजनों व वाणी से सभा को भावविभोर किया और गुरु के प्रति श्रद्धावान बनने का संदेश दिया।
जैन दर्शन को बताया विश्व का महान दर्शन

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के केबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने जैन दर्शन को विश्व के महान दर्शनों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत आज न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में मार्गदर्शक बन चुके हैं। हमें इनके आदर्शों पर चलकर न केवल अपने जीवन का बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि का कल्याण करना चाहिए।
समाज की एकजुटता से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज रत्न महेन्द्र बोथरा ने कहा कि रतलाम का सौभाग्य है कि पूज्या महासतियों के सान्निध्य में ऐसा अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि समाज, महिला मंडल, बहु मंडल और नवयुवक मंडल ने जिस समर्पण से कार्यक्रम को सफल बनाया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर आशीर्वाद देने हेतु केबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप का विशेष आभार जताया।
सम्मान और सहभागिता से भरा रहा कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान श्री वर्धमान जैन श्रावक संघ, नीमचौक द्वारा केबिनेट मंत्री कश्यप का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह में इंदरमल जैन, महेन्द्र बोथरा, ललित पटवा, अमृत कटारिया, विनोद कटारिया, आशीष डागी, सौरभ बोथरा, वीरेंद्र कटारिया सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जावरा से अभय सुराणा, निम्बाहेड़ा से कमलेश ढेलावत और नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया ने भी संबोधन दिया।
अक्षय तृतीया पारणा का लाभ निम्बाहेड़ा श्री संघ को
इस अवसर पर पूज्या महासतियों ने अक्षय तृतीया के पारणा का लाभ निम्बाहेड़ा श्री संघ को प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पूज्या महासतियों के दर्शन हेतु एक दिन पूर्व रतलाम पधारे थे।
अनुष्ठान के प्रमुख लाभार्थी शांताकुमारी इंदरमल जैन परिवार, कमलादेवी बसंतीलाल पटवा परिवार, सिरेकुवार बापूलाल बोथरा परिवार और मगनबाई मोतीलाल डागी परिवार रहे। कार्यक्रम का संचालन गुणवंत मालवी ने किया और आभार संघ रत्न इंदरमल जैन (वकील साहब) ने प्रकट किया।
इस आयोजन की जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी नीलेश बाफना द्वारा दी गई।
Latest News
- BREAKING MP News: मध्य प्रदेश में बस किराया बढ़ा, पांच साल बाद लागू हुई नई दरें; जानिए किस बस का कितना बढ़ा किराया
- BREAKING UPI पेमेंट रहेगा फ्री, लेकिन दुकानदारों पर लग सकता है MDR! संसद में पेश नए बिल से क्या बदल सकता है?
- अगस्त में कब मिलेगी Ladli Behna Yojana की अगली किस्त? जानिए भुगतान की संभावित तारीख और जरूरी शर्तें