MP News: इंदौर की रंगपंचमी गेर में पहली बार मौत, महिलाओं और बच्चों को बनाया निशाना, सीएम ने निरस्त किया कार्यक्रम

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

इंदौर- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। MP News: ऐतिहासिक रंगपंचमी गेर में इस बार उल्लास के बीच दर्दनाक घटनाएं भी देखने को मिलीं। पहली बार गेर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हुड़दंगियों ने महिलाओं और बच्चों को भी निशाना बनाया, जिससे गेर की छवि पर दाग लग गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में मौजूद थे, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने गेर में शामिल होने का कार्यक्रम निरस्त कर दिया।  

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत  

बुधवार को इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में रंगपंचमी गेर के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गेर में शामिल एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक सनी मौर्य की मौत हो गई। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सनी एरोड्रम क्षेत्र के रुक्मिणी नगर का रहने वाला था। पहचान के लिए उसके पास कोई दस्तावेज नहीं था, जिसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो वायरल कर जनसहयोग मांगा। दोस्त राहुल सेन ने तस्वीर देखकर सनी की पहचान की।  

युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी दिव्यांग मां मीरा मौर्य बिलख पड़ी। सनी अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और सीतला माता बाजार में काम करता था। उसके पिता धर्मेंद्र मौर्य का निधन पहले ही हो चुका था। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।  

गेर में महिलाओं और बच्चों को बनाया निशाना  

इस बार रंगपंचमी गेर में महिलाओं और बच्चों के साथ बदसलूकी के कई मामले सामने आए। हुड़दंगियों ने जगह-जगह उत्पात मचाया, जिससे कई महिलाएं और बच्चियां रोती हुई दिखीं। अमर उजाला की टीम ने विभिन्न स्थानों से इस स्थिति की तस्वीरें कैद की हैं, जिनमें महिलाओं को परेशान किए जाने के दृश्य सामने आए हैं।  

महापौर की पत्नी की आंख में लगी चोट  

महापौर पुष्यमित्र भार्गव की पत्नी जूही भार्गव गेर का आनंद ले रही थीं, लेकिन इस दौरान उनके वाहन में लगी पिचकारी अचानक चालू हो गई, जिससे पानी की तेज धार सीधा उनकी आंख में लगी। उन्हें तत्काल जूपिटर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।  

 कई जगहों पर हादसे, आधा दर्जन लोग घायल  

गेर में भारी भीड़ के चलते कई लोग धक्का-मुक्की और घबराहट की वजह से बेहोश हो गए। एमजी रोड थाना क्षेत्र में प्रवीण जोशी नामक व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। अन्य पांच लोगों को एंबुलेंस में ही प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई।  

आंखों में चोट और गाड़ियों से गिरकर घायल हुए लोग  

तेज गति से फेंके गए रंग, पानी और गुलाल के पैकेट से कई लोगों की आंखों में चोट आई। कुछ स्थानों पर वाहन चालकों के गिरने से भी लोग घायल हुए। अकेले आईं महिलाएं और किशोरियां परेशान होती देखी गईं, जबकि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हुड़दंगियों ने जमकर उत्पात मचाया।  

गेर की प्रतिष्ठा को धक्का  

इंदौर की रंगपंचमी गेर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर में शामिल कराने की कोशिशें चल रही हैं। इसके लिए विदेशी नागरिकों और एनआरआई को आमंत्रित किया जा रहा है। लेकिन इस बार की घटनाओं ने गेर की छवि को धूमिल कर दिया है।  

 हर जगह के फुटेज रिकॉर्ड में – कलेक्टर  

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि गेर मार्ग पर सीसीटीवी, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हर गतिविधि पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही थी। सभी घटनाओं के वीडियो फुटेज प्रशासन के पास मौजूद हैं। पुलिस अब गेर संचालक और दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।  

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram