नरसिंहपुर- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने अनोखी रणनीति अपनाकर फरार शराब माफिया को सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया। पुलिस ने फरार शराब तस्कर धनराज लोधी पर महज एक रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसने उसकी ‘हनक’ तोड़ दी और अंततः आरोपी को खुद पुलिस के सामने सरेंडर करना पड़ा।

एक रुपए का इनाम बना मानसिक दबाव का हथियार
दरअसल, 8 जनवरी 2026 को करेली थाना पुलिस ने एक थार वाहन से 44 पेटी अवैध शराब जब्त की थी। मौके से शराब तस्कर सुरेंद्र लोधी और सलीम खान को गिरफ्तार किया गया था। जांच में शराब माफिया धनराज लोधी की संलिप्तता सामने आने के बाद तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
एफआईआर दर्ज होते ही धनराज लोधी फरार हो गया और लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।
गली-मोहल्लों में लगे पोस्टर, सोशल मीडिया पर भी हुआ वायरल
फरार आरोपी पर दबाव बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देश पर धनराज लोधी पर ₹1 नगद इनाम घोषित किया गया। इसके साथ ही आरोपी के पोस्टर गांव, गली, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए गए। सोशल मीडिया पर भी यह पोस्टर तेजी से वायरल हुआ।
इज्जत पर आई बात, खुद पहुंचा थाने
एक रुपए के इनाम और सार्वजनिक पोस्टरों के कारण आरोपी मानसिक रूप से टूट गया। समाज में हो रही चर्चा और बदनामी से घबराकर बुधवार देर रात धनराज लोधी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पुलिस की नई टेक्निक की हो रही सराहना
नरसिंहपुर पुलिस की इस अनोखी रणनीति की पूरे जिले में जमकर सराहना हो रही है। पुलिस का कहना है कि शराब माफिया चाहे जितना बड़ा क्यों न हो, कानून से कोई नहीं बचेगा। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।