Ratlam News: रतलाम में नकली घी का बड़ा खेल! 1610 लीटर जब्त, महाकाल ट्रेडर्स के नाम से हो रही थी सप्लाई

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में नकली घी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। शुक्रवार दोपहर रतलाम के नयागांव टैंकर रोड स्थित ग्लोबस सिटी कॉलोनी के एक मकान पर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 1610 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया। यह घी बाजार में “देशी घी” के नाम पर कम कीमत में बेचा जा रहा था, जिससे इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वीडियो देखिए

महाकाल ट्रेडर्स के नाम से हो रही थी सप्लाई

जांच में सामने आया कि जब्त किया गया घी महाकाल ट्रेडर्स के नाम से शहर की अलग-अलग किराना दुकानों पर सप्लाई किया जा रहा था। मौके पर यूपी फ्रेश क्वालिटी और मदर बेस्ट काव घी ब्रांड के पैकेट बड़ी मात्रा में मिले।

पूछताछ में कारोबारी विक्रांत त्यागी ने बताया कि वह घी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर से मंगवाता था और लगभग 310 रुपये प्रति लीटर में खरीदकर मामूली मार्जिन पर बेचता था। अधिकारियों के मुताबिक, इतनी कम कीमत पर “देशी घी” बेचना संदिग्ध है, जिससे मिलावट या नकली होने की आशंका जताई जा रही है।

गोदाम में मिला मिश्रित स्टॉक

जिस मकान में यह घी रखा गया था, वहां मसाले, डिटर्जेंट और अन्य पर्चून सामग्री भी मिली। इससे यह मकान अवैध गोदाम के रूप में उपयोग किए जाने की आशंका है।

9 सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे

कार्रवाई के दौरान अलग-अलग वजन के पैकेट और बड़े डिब्बों से कुल 9 सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण शाला भोपाल भेजे गए हैं। पूरी खेप को एक कमरे में सुरक्षित रखकर सील कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एमआरपी और पैकेजिंग पर भी शक

जब्त डिब्बों पर 480 रुपये और 760 रुपये तक की एमआरपी अंकित मिली, जबकि बाजार में इससे कम दर पर बिक्री हो रही थी। अधिकारियों ने पैकेजिंग में दूसरे ब्रांड की नकल होने की आशंका भी जताई है।

अधिकारियों का बयान

जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता ने बताया कि सस्ता घी बेचने की शिकायत मिली थी, जो जांच में सही पाई गई। संदेह के आधार पर सैंपल लिए गए हैं और रिपोर्ट आने तक पूरा स्टॉक जब्ती में रखा गया है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram