रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रॉयल इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साह, प्रेरणा और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ते हुए आत्मविश्वास, राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मॉर्निंग स्टार ग्रुप ऑफ स्कूल के डायरेक्टर श्री कार्ल वार्ड, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के श्री अनुराग लोखंडे एवं श्री श्याम कुमार लालवानी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
युवाओं को स्वयं पर विश्वास करना होगा : डॉ. चांदनीवाला
अपने उद्बोधन में डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला ने कहा कि स्वामी विवेकानंद अंधविश्वास के प्रखर विरोधी थे और वे युवाओं को स्वयं पर विश्वास करना सिखाते थे। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन की धुरी युवा शक्ति ही है। युवाओं को अपने मस्तिष्क, हृदय और शारीरिक क्षमताओं का पूर्ण उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वामी विवेकानंद के साहित्य को पढ़ने और उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
डिग्री के साथ कौशल विकास भी जरूरी : श्री कार्ल वार्ड
विशिष्ट अतिथि श्री कार्ल वार्ड ने स्वामी विवेकानंद के दर्शन—वेदों का ज्ञान, शांति और सह-अस्तित्व—पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है। युवाओं को स्किल डेवलपमेंट, व्यक्तित्व विकास और समय प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, तभी वे सफल और आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप सिद्ध द्वारा किया गया। इस अवसर पर रॉयल कॉलेज के डॉ. आर.के. अरोरा (शिक्षा संकाय), डॉ. अमित शर्मा (वाणिज्य संकाय), डॉ. कल्पना पाटीदार (फार्मेसी संकाय), नितेश भारद्वाज (नर्सिंग संकाय) सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्र पीयूष देवड़ा ने आभार प्रदर्शन किया।
इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का संदेश दिया गया।