Ratlam News: रतलाम के नामली थाने में सनसनी: बेटी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार पिता ने हवालात में लगाई फांसी

रतलाम के नामली थाने में दुष्कर्म के आरोपी पिता ने हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 16 वर्षीय बेटी ने दर्ज कराया था केस, पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के नामली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने पुलिस हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जांच शुरू कर दी गई है।

वीडियो देखे

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, नामली थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी ने बुधवार शाम अपने ही पिता के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। एफआईआर में उसने आरोप लगाया कि उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को उसी रात करीब 9:30 बजे गिरफ्तार कर लिया और हवालात में बंद कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी ने हवालात के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कैसे हुई घटना

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी रात करीब 3 बजे तक हवालात में बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद उसने पानी के पाइप से अपने पजामे के नाड़े के सहारे फांसी लगा ली।

सुबह करीब 4 बजे हवालात प्रभारी नारायण जादौन ने जब सीसीटीवी चेक किया तो आरोपी फंदे पर लटका हुआ मिला। तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंचे अधिकारी 

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर ने बताया:
“हवालात में बंद आरोपी द्वारा फांसी लगाने की घटना सामने आई है। मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”

मौके पर ही डॉक्टर राजेश मंडलोई ने शव का प्राथमिक परीक्षण किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

परिजनों के आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष ने प्रताड़ित कर झूठा मामला दर्ज कराया।

मृतक की मां और बहन ने भी पत्नी, बेटी और साले पर मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पत्नी, बेटी और साले को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।