रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शासकीय डॉ. लक्ष्मीनारायण मेडिकल कॉलेज, रतलाम में शुक्रवार देर रात मरीज के साथ आए अटेंडरों द्वारा जमकर हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अटेंडरों ने डॉक्टरों से गाली-गलौच की, धमकियां दीं और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। घटना के बाद डॉक्टरों में भारी आक्रोश है और उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर काम बंद कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
WATCH VIDEO
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:21 बजे मरीज नीलम (35) पति कृष्णा को लेकर परिजन और करीब 9 से 10 अटेंडर मेडिकल कॉलेज के आकस्मिक चिकित्सा विभाग पहुंचे थे। उस समय सीएमओ डॉ. भावना मसीह सहित अन्य जूनियर डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद थे।
इलाज के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि किसी बात को लेकर अटेंडरों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। डॉक्टरों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन अटेंडर शांत नहीं हुए और अभद्र व्यवहार करने लगे।
गाली-गलौच, धमकी और हाथापाई की नौबत
डॉक्टरों का आरोप है कि अटेंडरों ने इलाज के दौरान गाली-गलौच की, “देख लेने” की धमकी दी और हालात हाथापाई तक पहुंच गए। इस दौरान अटेंडर डॉक्टरों के वीडियो भी बनाते रहे।
स्थिति बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित पुलिस चौकी को सूचना दी गई, साथ ही प्राइवेट सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंचे, लेकिन हंगामा नहीं थमा। बाद में थाना औद्योगिक पुलिस को बुलाया गया।
सीएमओ और वरिष्ठ डॉक्टरों के पहुंचने पर शांत हुआ माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. विनय शर्मा और अन्य वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे। इसके बाद हंगामा कर रहे अटेंडर वहां से चले गए।
डॉक्टरों ने दी हड़ताल की चेतावनी
शनिवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया। डॉक्टरों ने साफ चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सभी डॉक्टर और स्टाफ कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाएंगे।
डीन डॉ. अनिता मूथा ने डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस में आवेदन, एफआईआर की मांग
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि अटेंडरों ने—
- सरकारी कार्य में बाधा डाली
- डॉक्टरों से गाली-गलौच व धमकियां दीं
- सुरक्षा गार्ड के रोकने के बावजूद जबरन अंदर घुस गए
प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हंगामे का वीडियो भी आया सामने
आकस्मिक चिकित्सा विभाग में हुए हंगामे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में डॉक्टर अटेंडरों को समझाते नजर आ रहे हैं, जबकि अटेंडर उल्टा डॉक्टरों के वीडियो बनाते और अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं। एक महिला डॉक्टर को यह कहते भी सुना जा सकता है—
“आप पढ़े-लिखे लगते हैं, फिर भी ऐसा व्यवहार कर रहे हैं।”
थाना प्रभारी पहुंचे मेडिकल कॉलेज
शनिवार दोपहर थाना औद्योगिक प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और डीन डॉ. अनिता मूथा से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रबंधन और पुलिस का बयान
डीन डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि मरीज को वॉशरूम ले जाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अटेंडरों ने डॉक्टरों से अभद्रता की। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
वहीं थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने कहा कि अटेंडरों द्वारा डॉक्टरों से अभद्रता की गई है। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।