नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। अगर Google सर्च में आपकी कोई संवेदनशील जानकारी, फोटो या आपत्तिजनक कंटेंट दिख रहा है, तो अब इसे हटाना पहले से कहीं आसान हो गया है। कंपनी ने एक नया टूल जारी किया है, जो यूजर्स को अपनी प्राइवेसी पर ज्यादा कंट्रोल देता है और आपत्तिजनक कंटेंट को रिपोर्ट करने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाता है।
कैसे हटाएं गूगल सर्च से अपनी सेंसेटिव जानकारी
अब यूजर्स सीधे सर्च रिजल्ट से ही अपनी जानकारी हटाने की रिक्वेस्ट कर सकते हैं। इसके लिए इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
- गूगल सर्च रिजल्ट में दिख रहे लिंक के सामने थ्री-डॉट मेनू पर क्लिक करें
- खुलने वाले पेज में “Remove Result” ऑप्शन चुनें
- अब गूगल आपसे कारण पूछेगा—जैसे कि पर्सनल जानकारी, आपत्तिजनक इमेज या गलत जानकारी
- सही कारण चुनकर अपनी रिक्वेस्ट सबमिट करें
रिक्वेस्ट सबमिट करने के बाद आप इसे “Results About You” सेक्शन में जाकर ट्रैक भी कर सकते हैं।
एक साथ कई इमेज हटाने की सुविधा
इस नए अपडेट की खास बात यह है कि अब यूजर एक ही रिक्वेस्ट में कई इमेज या लिंक रिपोर्ट कर सकता है। पहले हर लिंक के लिए अलग-अलग आवेदन करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया तेज और आसान हो गई है।
रिक्वेस्ट मंजूर होने के बाद क्या होगा
अगर आपकी रिक्वेस्ट मंजूर हो जाती है, तो एक खास फीचर इनेबल किया जा सकता है, जिससे भविष्य में आपके नाम से जुड़ी अन्य संवेदनशील जानकारी भी सर्च रिजल्ट में अपने आप फिल्टर हो जाएगी। यह फीचर खासतौर पर एआई और डीपफेक कंटेंट के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए लाया गया है।
भारत सरकार ने भी कड़े किए नियम
बढ़ते एआई जनरेटेड और डीपफेक कंटेंट को देखते हुए भारत सरकार ने भी सख्त कदम उठाए हैं। नए नियमों के तहत:
- एआई जनरेटेड कंटेंट पर लेबल लगाना जरूरी होगा
- यूजर को कंटेंट अपलोड करते समय इसकी जानकारी देनी होगी
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को आपत्तिजनक कंटेंट हटाने के लिए सिर्फ 3 घंटे का समय मिलेगा
ये नियम 20 फरवरी से लागू हो चुके हैं।
यूजर्स के लिए क्यों जरूरी है यह अपडेट
यह नया फीचर उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है, जिनकी निजी जानकारी या फोटो बिना अनुमति के इंटरनेट पर मौजूद हैं। अब यूजर्स आसानी से अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रख सकते हैं और ऑनलाइन प्राइवेसी पर ज्यादा नियंत्रण पा सकते हैं।