पब्लिक वार्ता,
न्यूज डेस्क: UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में तेंदुए के हमलों से निपटने के लिए वन विभाग ने पिंजरे में बकरियां रखी, लेकिन अब इन बकरियों की चोरी और मटन पार्टी का मामला सामने आया है। तेंदुआ पकड़ने की वन विभाग की योजना चोरों की इस हरकत के कारण असफल हो रही है, जिससे तेंदुए का आतंक कम होने की बजाय बढ़ गया है।
चोरों ने मचाई मटन पार्टी
राम बाग कॉलोनी के निवासी रूपेश कुमार के अनुसार, वन विभाग ने उनके गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगाया था, जिसमें एक बकरी रखी गई थी। लेकिन कुछ ही दिनों में बकरी चोरी हो गई। गांव के लोगों ने मिलकर दूसरी बकरी खरीदी और फिर से पिंजरे में रखी, लेकिन वो बकरी भी चोरों के हाथ लग गई। चोर बकरियों को चुरा कर मटन बनाकर खा गए और तेंदुए को पकड़ने की योजना विफल हो गई।
जिलेभर में हो रही बकरियों की चोरी
यह सिर्फ एक मामला नहीं है। जिले के पिलाना, कोतवाली देहात, अफजलगढ़ और चांदपुर में भी वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरों से कई बकरियां चोरी हो चुकी हैं। सूत्रों की माने तो बकरियों की चोरी के बाद चोर उनका मटन बना कर खा रहे हैं या फिर बेच रहे हैं, जिससे तेंदुआ पकड़ने की योजना लगातार विफल हो रही है।
वन विभाग के प्रयासों को मिली चुनौती
बिजनौर के प्रभागीय वन अधिकारी ज्ञान सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमलों से निपटने के लिए 50 से अधिक पिंजरे लगाए गए थे और बकरियों को चारे के रूप में रखा गया था। लेकिन अब इन बकरियों की चोरी ऑपरेशन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। वन विभाग ने चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
तेंदुए का आतंक जारी, चोरों ने बिगाड़ा ऑपरेशन
तेंदुए का खतरा कम करने के लिए वन विभाग की यह योजना अब चोरों के कारण विफल हो रही है। तेंदुआ अब भी क्षेत्र में खुला घूम रहा है और ग्रामीण दहशत में हैं, जबकि बकरियों की चोरी से चोर मटन पार्टी का आनंद उठा रहे हैं। वन विभाग को अब नई योजना बनानी पड़ेगी ताकि तेंदुए को पकड़ा जा सके और बकरियों की चोरी को रोका जा सके।
Latest News
- Ratlam News: जावरा में टैंकर के पहिए के आगे लेटा युवक, CCTV में कैद हुई घटना, मौत के बाद सड़क पर हंगामा
- Ratlam News: रतलाम में घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवारों ने पीछे से मारी गोली; CCTV में कैद हुए संदिग्ध
- रतलाम में सेवा भारती का भव्य कन्या पूजन समारोह, 1600 से अधिक कन्याओं का पूजन, 500 से ज्यादा समाजजन हुए शामिल