Ratlam News: रतलाम में बीआरसी कार्यालय में हंगामा: निलंबित शिक्षक कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा, वीडियो वायरल

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के हाथीखाना क्षेत्र स्थित बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) कार्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक निलंबित शिक्षक कुल्हाड़ी लेकर सहायक परियोजना समन्वयक (बीआरसी) पर हमला करने दौड़ पड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

WATCH VIDEO

गवाही से नाराज था शिक्षक

पुलिस के अनुसार आरोपित शिक्षक दिलीप राठौर पूर्व में दर्ज एक प्रकरण में गवाही देने की बात से नाराज था। बीआरसी विवेक नागर ने शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 2:20 बजे वे कार्यालय में मौजूद थे, तभी दिलीप राठौर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। वह एपीसी राजेश झा से जुड़े मामले में गवाही देने को लेकर आक्रोशित था।

नागर ने स्पष्ट किया कि उनकी उस मामले में गवाही नहीं है, वे केवल साथ गए थे। इसके बावजूद आरोपित उनकी ओर कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा। स्थिति को भांपते हुए नागर एक कमरे में चले गए और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे। वीडियो में आरोपित धमकी देते हुए कहता नजर आ रहा है कि वह जेल जाने से नहीं डरता।

दिव्यांग विद्यार्थियों के कार्यक्रम के बीच मचा हंगामा

घटना के समय बीआरसी कार्यालय परिसर में दिव्यांग विद्यार्थियों को उपकरण वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान भी आरोपित वहां पहुंचा था, लेकिन कुछ देर बाद चला गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह दोबारा कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और विद्यार्थियों व स्टाफ के सामने हंगामा करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिलीप राठौर ने दिव्यांग बच्चों के सामने भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। स्थिति बिगड़ती देख कार्यालय स्टाफ के विशाल सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गोपाल शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उसे परिसर से बाहर किया।

पहले भी कर चुका है विवाद और हमला

जानकारी के मुताबिक दिलीप राठौर पहले मोरवानी के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ था। स्कूल में अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता के चलते तत्कालीन डीईओ केसी शर्मा ने उसे निलंबित किया था। वह पूर्व में भी बीआरसी कार्यालय में हंगामा और पत्थरबाजी की घटना में शामिल रहा है।

इसके अलावा एपीसी राजेश झा और विवेक नागर के साथ मारपीट व उनके घर पहुंचकर हंगामा करने का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बीआरसी विवेक नागर की शिकायत पर आरोपित दिलीप राठौर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram