रॉयल कॉलेज में वरिष्ठ IAS राहुल जैन ने दिए सफलता के मंत्र, रोजगार-स्वरोजगार पर किया मार्गदर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ IAS अधिकारी एवं भारत सरकार के वित्त आयोग में संयुक्त सचिव श्री राहुल जैन शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और आध्यात्म जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन श्री प्रमोद गुगालिया ने की। उन्होंने राहुल जैन का परिचय देते हुए बताया कि वे वर्ष 2005 बैच (मध्यप्रदेश कैडर) के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। वे मध्यप्रदेश के ग्वालियर, रीवा और नर्मदापुरम जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं तथा TNCP में निदेशक पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे भारत सरकार के वित्त आयोग में संयुक्त सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही वे चार्टर्ड अकाउंटेंट भी हैं।

युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान

राहुल जैन ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना, कॉरपोरेट मित्र पोर्टल और iGOT Platform जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की।

डिग्री से ज्यादा जरूरी है स्किल

उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल अकादमिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल विकास सबसे ज्यादा जरूरी हो गया है। विद्यार्थियों को किताबों के ज्ञान के साथ उद्योग जगत की मांगों के अनुसार खुद को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं।

डिजिटल अनुशासन और संस्कारों पर दिया जोर

राहुल जैन ने डिजिटल अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग समय बर्बाद करने के लिए नहीं, बल्कि कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था और संस्कार हमारी असली पूंजी हैं। परिवार, समाज और अच्छे संस्कार मिलकर व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हैं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में समाजसेवी श्री ओमजी अग्रवाल, श्री मांगीलाल जैन, श्री अजय बाकीवाला, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष सोनी, डॉ. कल्पना पाटीदार, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. कपिल कैरोल, प्रो. दीपिका कुमावत, डॉ. संदीप सिद्ध, प्रो. समीक्षा मेहरा, प्रो. ज्योत्सना सोलंकी, प्रो. मृदुला उपाध्याय सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन बीएड प्राचार्य डॉ. आर.के. अरोरा ने किया, जबकि आभार प्रबंधन संकाय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री ने व्यक्त किया।