रतलाम के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के खेरिया पाड़ा गांव में युवक की तलवार और कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने घर में आगजनी भी की। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खेरिया पाड़ा में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। घर के बाहर खाट पर सो रहे 35 वर्षीय मानसिंह मईडा पर हथियारबंद लोगों ने तलवार और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मानसिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपियों ने वारदात के बाद घर में आगजनी भी की, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।
रात 11 बजे घर पर बोला हमला

जानकारी के अनुसार, खेरिया पाड़ा निवासी मानसिंह पुत्र ऊंकार मईडा मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। उसके पास एक बच्ची भी सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य थोड़ी दूरी पर मौजूद थे।
इसी दौरान गांव के जयसिंह पुत्र कैलाश मईडा सहित 8 से 10 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने मानसिंह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता ऊंकार और मांगूबाई को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।
तलवार और कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
परिजनों के अनुसार, पत्नी पायल और बच्चों के चीखने-चिल्लाने के बावजूद आरोपियों ने मानसिंह पर तलवार और कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपियों ने घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान मानसिंह ने दम तोड़ दिया।
पत्नी के घर छोड़कर जाने से जुड़ा है मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी जयसिंह मईडा की पत्नी संध्या 4 जून को बिना बताए घर से चली गई थी। इस संबंध में 6 जून को शिवगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान पता चला कि संध्या गांव के ही ओमप्रकाश मईडा के साथ गई थी। इसी बात को लेकर जयसिंह और उसके साथियों में नाराजगी थी। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया राउंडअप
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार लाल ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर हत्या, आगजनी, मारपीट और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी जयसिंह पुत्र कैलाश मईडा समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खेरिया पाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम कलेक्टर की फोटो लगाकर फर्जी WhatsApp अकाउंट से अफसरों को मैसेज, ठगी की आशंका
- BREAKING Ratlam News: चद्दर पर लिटाकर जनसुनवाई में लाई गई 68 वर्षीय वृद्धा, SP कार्यालय में मचा हड़कंप
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में पति की हत्या का खुलासा: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश, 3 गिरफ्तार