BREAKING अनुकूल सोनी बने भाजयुमो रतलाम जिलाध्यक्ष, कृष्णा डिंडोर को मिली जिला महामंत्री की जिम्मेदारी

📖 1 min read

BJP Ratlam News: भारतीय जनता युवा मोर्चा रतलाम की नई जिला टीम का ऐलान। अनुकूल सोनी को जिलाध्यक्ष और कृष्णा डिंडोर को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया। जानिए दोनों नेताओं का राजनीतिक सफर और संगठन की रणनीति।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रतलाम जिले में अपने नए नेतृत्व की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से अनुकूल सोनी को जिलाध्यक्ष और कृष्णा डिंडोर को जिला महामंत्री नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और दोनों नेताओं को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

अनुकूल सोनी को मिली रतलाम भाजयुमो की कमान

रविवार को जारी संगठनात्मक नियुक्तियों में सैलाना निवासी अनुकूल सोनी को भारतीय जनता युवा मोर्चा रतलाम का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया। नियुक्ति की घोषणा होते ही सैलाना स्थित उनके निवास पर भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

बताया जा रहा है कि इस बार जिलाध्यक्ष पद के लिए कई युवा नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन संगठन ने अनुकूल सोनी पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिले की जिम्मेदारी सौंपी।

करीब 20 साल बाद शहर से बाहर के नेता को मिली जिम्मेदारी

अनुकूल सोनी की नियुक्ति कई मायनों में खास मानी जा रही है। वर्ष 2007 से अब तक भाजयुमो रतलाम जिलाध्यक्ष का पद लगातार रतलाम शहर के नेताओं के पास रहा था। इस दौरान विकास कोठारी, अशोक पोरवाल, बलवंत भाटी, सोनू यादव और विप्लव जैन जैसे नेताओं ने यह जिम्मेदारी संभाली।

करीब दो दशक बाद पहली बार संगठन ने रतलाम शहर से बाहर के किसी युवा कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष बनाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय का समर्थन भी अनुकूल सोनी के पक्ष में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कृष्णा डिंडोर बने जिला महामंत्री

संगठन ने रतलाम ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले कृष्णा डिंडोर को जिला महामंत्री नियुक्त किया है। छात्र राजनीति से सक्रिय रहे डिंडोर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) में जिला संयोजक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर और कृष्णा डिंडोर ने अभाविप में साथ काम किया है, जिससे संगठनात्मक तालमेल का लाभ भी उन्हें मिला।

युवा संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस

भाजयुमो की नई टीम के गठन को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन की कोशिश युवा कार्यकर्ताओं को अधिक अवसर देने और ग्रामीण क्षेत्रों तक अपनी पकड़ मजबूत करने की है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनुकूल सोनी और कृष्णा डिंडोर से कार्यकर्ताओं को काफी उम्मीदें हैं। दोनों नेताओं के सामने संगठन का विस्तार, युवाओं को जोड़ना और भाजपा की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

0%