रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में एक पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। घरेलू झगड़े को सुलझाने आए जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तेज़ी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। हत्या का कारण एक मकान को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, इंदौर के करालिया माचल निवासी माया पति रामसिंह अपनी बेटी उर्मिला पति विशाल मालवीय की घरेलू समस्याओं को सुलझाने रतलाम आई थीं। उर्मिला का ससुराल रतलाम के मानव नगर में है। बेटी को ससुराल में प्रताड़ना की शिकायत मिलने पर माया अपने बड़े दामाद महेश राठौड़ और अन्य परिजनों के साथ गुरुवार रात रतलाम पहुंची थीं।
रात करीब 8:30 बजे, जब वे उर्मिला के घर के पास पहुंचे, तभी कुछ युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महेश राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस घटना में माया और उर्मिला की ननद ज्योति (34) भी घायल हुईं।

पुलिस ने महेश राठौड़ का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा, लेकिन इस दौरान पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मृतक के रिश्तेदारों को थाने ले जाकर समय गंवाया। इस लापरवाही को लेकर परिजन एसपी और कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग की। एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के अनुसार, डीडी नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बालिग आरोपी जितेंद्र (28) पिता भारत राठौड़ निवासी महेश नगर, नयागांव है, जबकि तीन अन्य नाबालिग हैं। एक नाबालिग के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ है, जिस पर आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।
मामले की जांच जारी है, वहीं घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Latest News
- BREAKING DA Hike: सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता, GAIL, BHEL, NTPC, IRCTC समेत 32+ सरकारी कंपनियों के कर्मचारियों की बढ़ेगी सैलरी
- BREAKING Ratlam News: रतलाम पुलिस ने ऋद्धि-सिद्धि एवेन्यू कॉलोनी चोरी का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
- BREAKING Banking Jobs 2026: PNB और यूनियन बैंक में 940 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता, सैलरी और आवेदन प्रक्रिया