रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम रतलाम के 2025-26 बजट और बाजार बैठक वसूली प्रस्ताव को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा की गंभीर शिकायत के बाद नगरीय प्रशासन विभाग, भोपाल ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। शिकायत में करोड़ों रुपए के वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।


पारस सकलेचा ने अपनी शिकायत में कहा कि नगर निगम द्वारा 29 मार्च 2025 को पारित बाजार बैठक वसूली का प्रस्ताव नगर निगम अधिनियम की धाराओं के विपरीत रखा और पारित किया गया। इसके साथ ही 25 मार्च को पेश किए गए बजट में 104 मदों के आंकड़ों में हेरफेर कर करोड़ों रुपये का गोलमाल किया गया।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस भी आक्रामक हो गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया और निगम में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कांग्रेस ने 29 मार्च को नगर निगम कार्यालय के बाहर सब्जी विक्रेताओं, ठेला-गुमटी व्यवसायियों और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बड़ा प्रदर्शन किया था। कांग्रेस पार्षदों ने सम्मेलन में आधे घंटे तक धरना देकर प्रस्ताव का विरोध किया और फिर बहिर्गमन कर दिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, बाजार बैठक की कोई भी वसूली वैधानिक नहीं मानी जा सकती। व्यवसायियों से आग्रह किया गया है कि यदि कोई उन पर वसूली का दबाव डाले तो वे इसकी शिकायत कांग्रेस से करें।
उन्होंने यह भी बताया कि 4 अप्रैल को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर बाजार बैठक वसूली प्रस्ताव को निरस्त करने और बजट में की गई गड़बड़ियों को सुधारकर नया बजट प्रस्तुत करने की मांग की थी। उनका कहना है कि यह सारा खर्च जनता के साथ धोखा और राज्य धन का दुरुपयोग है।
अब नगरीय प्रशासन विभाग की जांच से यह साफ हो सकेगा कि क्या वास्तव में नगर निगम में करोड़ों का घोटाला हुआ है या नहीं। फिलहाल, रतलाम नगर निगम एक बार फिर से विवादों के घेरे में आ गया है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम पुलिस ने ऋद्धि-सिद्धि एवेन्यू कॉलोनी चोरी का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
- BREAKING Banking Jobs 2026: PNB और यूनियन बैंक में 940 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता, सैलरी और आवेदन प्रक्रिया
- BREAKING MP UCC Bill पास: शादी का रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य, लिव इन से नौकरी रिकॉर्ड तक क्या बदल जाएगा?