नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Delhi Blast: देश की राजधानी सोमवार शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में शाम करीब 6:52 बजे जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत और 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

WATCH FULL VIDEO
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए (NIA), एनएसजी (NSG) और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि धमाके के कारणों और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।


दिल्ली में हाई अलर्ट, जांच के कई एंगल
धमाके के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को सभी संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि “धमाका कार के अंदर हुआ और इसकी वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं ताकि किसी भी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।”

फरीदाबाद में मिला 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट, जुड़ सकता है लिंक
इस धमाके से पहले ही सोमवार दोपहर फरीदाबाद में 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया था — वही केमिकल जो विस्फोटक तैयार करने में इस्तेमाल होता है। हालांकि जांच एजेंसियों का कहना है कि अभी इन दोनों घटनाओं को जोड़ना जल्दबाजी होगी, लेकिन दोनों मामलों की समानांतर जांच की जा रही है।

अमित शाह ने घायलों से की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात LNJP अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट ली। इसके बाद शाह ने धमाके की जगह का दौरा किया और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा अलर्ट कई राज्यों में
धमाके के बाद न सिर्फ दिल्ली, बल्कि हरियाणा और महाराष्ट्र में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर जिलों में विशेष चौकसी बरतने के आदेश जारी किए हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सुरक्षा एजेंसियों के साथ आपात बैठक की और राज्यभर में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
जांच जारी
फिलहाल किसी भी संगठन ने इस दिल्ली ब्लास्ट की जिम्मेदारी नहीं ली है। NIA, NSG और दिल्ली पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर कोण से जांच जारी है। शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री या IED के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक से मारपीट, पेड़ से बांधकर पीटा
- BREAKING Ratlam News: लॉ कॉलेज विवाद में FIR के विरोध में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, 5 दिन में जांच का आश्वासन
- Ratlam News: रतलाम में नारकोटिक्स TI बताकर 4.50 लाख लेने का आरोप, सपना ठाकुर के खिलाफ छठी शिकायत