रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा गुरुवार को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के विज्ञान भवन, नेहरू नगर भोपाल में “उत्कृष्ट सेवा कार्य सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान एवं सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न जिला इकाइयों, स्कूलों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के प्रेसिडेंट मंगुभाई पटेल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम भोपाल आयुक्त संस्कृति जैन, महानिदेशक मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा डॉ. अनिल कोठारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे (आईएएस सेवानिवृत्त) ने की।
इस अवसर पर राज्य शाखा के वाइस चेयरमैन मनीष रावल, कोषाध्यक्ष दीपेश मेहता सहित विभिन्न जिला इकाइयों से आए पदाधिकारी, प्रबंध समिति सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि रेडक्रॉस संस्था अपने मूल सिद्धांतों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने प्रत्येक जिले में समर्पित टीमों के गठन पर जोर देते हुए कहा कि गरीब, वृद्धजन, महिलाएं, बच्चे एवं दिव्यांगजनों के लिए लगातार सेवा गतिविधियां संचालित की जानी चाहिए।
राज्यपाल ने विशेष रूप से आदिवासी एवं अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने में रेडक्रॉस की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस इकाइयों द्वारा संचालित जन औषधि केंद्र आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं, जो समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभागियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
रतलाम के समाजसेवियों का हुआ सम्मान
समारोह में रतलाम जिले से उत्कृष्ट सामाजिक एवं सेवा कार्यों के लिए समाजसेवी अरविंद व्यास, दिनेश वसुनिया, हेमंत मुणत, जय तलेरा को सम्मानित किया गया। वहीं जिला जूनियर रेडक्रॉस से उत्कृष्ट कार्य के लिए स्कूल प्राचार्य सुभाष कुमावत, काउंसलर अनिल शर्मा, माया मौर्यतथा कार्यालयीन सहायक राजेंद्र पांडे को भी सम्मान प्रदान किया गया।