publicvartanews@gmail.com

Ratlam News: शराब दुकान कर्मचारियों पर हमला, जीप के शीशे फोड़े

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बस स्टैंड के पास शराब दुकान कर्मचारियों के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत आरोपितों ने जीप का रास्ता रोककर गालियां दीं और विरोध करने पर एक कर्मचारी के सिर पर शराब की बोतल मार दी। घटना के बाद पुलिस ने एक नामजद सहित तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

WATCH VIDEO

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भोनपुरा, जिला भिण्ड निवासी दीपसिंह पुत्र संजीवसिंह भदोरिया रावटी स्थित शराब दुकान पर कार्यरत है। शुक्रवार दोपहर वह अपने साथी सोनू राजावत, किशन सिंह तोमर और आनंद पाल के साथ जीप वाहन से रानीसिंग बस स्टैंड से रावटी की ओर जा रहा था।

इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक शराब के नशे में आए और जीप का रास्ता रोक लिया। इनमें से एक युवक को दीपसिंह ने पहचान लिया, जिसका नाम बबलु दामा निवासी कुंवरपाड़ा बताया गया है। आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर बबलु दामा ने हाथ में पकड़ी शराब की बोतल से दीपसिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई।

इसके बाद आरोपितों ने लकड़ी से जीप (बोलेरो) के चारों शीशे तोड़ दिए। वाहन में सवार अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद सहित तीन आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।