Ratlam News: रतलाम में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा: कच्चे मकान की दीवार ढही, मजदूर गंभीर रूप से घायल

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: माणकचौक थाना क्षेत्र के कोठारी वास में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पास स्थित एक दो मंजिला कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे निर्माण कार्य में जुटा एक मजदूर मलबे में दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

WATCH VIDEO

घायल मजदूर की पहचान ग्राम पलसोड़ी निवासी 30 वर्षीय दिनेश पुत्र मांगू मईड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दिनेश जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी तरुण वोहरा के मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। यह ठेका विजय कुमावत को दिया गया था। हादसे के समय दिनेश मकान की कांक्रीट नींव में छैनी-हथौड़ी से झीरी का काम कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के सामने ढही दीवार

मौके पर मौजूद चौकीदार गोविंदराम पांचाल की पत्नी सोनू भी दिनेश के साथ काम कर रही थी। सोनू के सामने ही अचानक पास के बंद पड़े दो मंजिला कच्चे मकान की दीवार ढह गई। इसी दौरान वहां 10 वर्षीय बालिका अनन्या, जो गोविंदराम के साले की बेटी है, भी खेल रही थी। गनीमत रही कि बच्ची को कोई चोट नहीं आई।

दीवार गिरते ही दिनेश का धड़ पूरी तरह मलबे में दब गया, जबकि सिर बाहर था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दिनेश को मलबे से बाहर निकाला और बेहोशी की हालत में रिक्शा से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

इंदौर रेफर, प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर

प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम आर्ची हरित, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी पातीराम डावरे और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जिस कच्चे मकान की दीवार गिरी, वह वीरेंद्र कुमार पुत्र कन्हैयालाल ओझा का बताया जा रहा है। मकान फिलहाल बंद पड़ा है और उसमें कोई निवास नहीं करता।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा जर्जर दीवार के अचानक गिरने से हुआ बताया जा रहा है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram