रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र में सड़क पर एक्टिवा खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद 8-10 युवकों ने परिवार पर तलवार और लाठियों से हमला कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर हथियार जब्त किए हैं।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के सामने एक्टिवा खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि 8-10 युवकों ने एक परिवार के घर पर धावा बोल दिया और तलवार, बेसबॉल बैट व लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में दो पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो देखे
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश मोहल्ले में खुलेआम तलवारें और लट्ठ लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
एक्टिवा खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घायल दिलीप वसुनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद था। घर के सामने सड़क पर उसकी एक्टिवा खड़ी थी। इसी दौरान ईश्वर नगर निवासी अजय नायक और सुनील नायक बाइक से वहां पहुंचे और एक्टिवा सड़क पर खड़ी करने को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
दिलीप ने उन्हें गाली देने से मना किया और एक्टिवा हटाने की बात कही, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अजय ने तलवार के पिछले हिस्से से दिलीप के दाहिने हाथ पर हमला कर दिया।
फोन कर साथियों को बुलाया, परिवार पर किया हमला
विवाद बढ़ता देख दिलीप की मां लीलाबाई, भाई प्रेम और बहन कांता बीच-बचाव के लिए आए। इस दौरान अजय और सुनील ने फोन कर अपने अन्य साथियों कुंदन, दिनेश, अक्षय समेत कई लोगों को बुला लिया।
कुछ ही देर में 8-10 युवक तलवार, बेसबॉल बैट और लाठियों के साथ मौके पर पहुंच गए और परिवार पर हमला कर दिया।
- कुंदन ने प्रेम के सिर पर तलवार से वार किया।
- दिनेश ने कांता बाई पर तलवार से हमला कर दिया।
- वहीं अन्य आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ डंडों से मारपीट की।
CCTV में दिखी बदमाशों की दहशत
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें हमलावर तलवारें और लाठियां लहराते हुए मोहल्ले में दहशत फैलाते नजर आ रहे हैं। फरियादी के अनुसार जाते-जाते आरोपी धमकी देकर गए कि अगर भविष्य में उनके समाज की होली पार्टी में दखल दिया, तो परिवार को जान से खत्म कर देंगे।
पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा
डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि वाहन खड़ा करने और आपसी कहासुनी के कारण यह विवाद हुआ। पुलिस ने अजय नायक, सुनील नायक, दिनेश नायक, कुंदन नायक, अक्षय नायक सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को राउंडअप कर लिया है और उनके पास से तलवार भी जब्त की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।