Ratlam News: रतलाम में हार्डवेयर दुकान में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका; 15–20 लाख का नुकसान

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के टैंकर रोड स्थित विनोबा नगर इलाके में रविवार दोपहर एक हार्डवेयर और सेनेटरी की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना का वीडियो देखे

जानकारी के मुताबिक श्री राम हार्डवेयर एंड सेनेटरी नाम की दुकान में रविवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। उस समय दुकान बंद थी। आसपास के लोगों ने पहले दुकान से धुआं निकलते देखा और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। कुछ ही देर में दुकान से तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 फायर लॉरी मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

आग लगने से दुकान में रखा हार्डवेयर का सामान, प्लास्टिक पाइप, नल सहित अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि दुकान संचालक राहुल पिता सुनील प्रसाद, निवासी विनोबा नगर, रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ राजस्थान के सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए गए थे। आग लगने की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत रतलाम के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्राथमिक आकलन में 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान की संभावना जताई गई है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram