रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 147 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च को पुलिस टीम ने बरखेड़ा–आलोट रोड स्थित ग्राम नारायणी फंटा पर दबिश दी। यहां पुलिस ने राहुल पिता मांगु चंद्रवंशी (26), निवासी ग्राम नाथुखेड़ी को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो 147 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 42 MF 0743 भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पीआर प्राप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध अफीम के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, उपनिरीक्षक आर.सी. खड़िया, आरक्षक दीपक पाटीदार, अभिनंदन, अंकित काला और लोकेंद्र शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।