रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के पैलेस रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की घटना में बैंक के अंदर रखे कई कंप्यूटर, एसी, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के समय बैंक बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7:15 बजे आसपास के लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं निकलते देखा। इसी दौरान बैंक का सायरन भी बजने लगा। लोगों ने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बैंक मैनेजर राजीव बोथरा और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शटर खोलने पर सामने बने एक केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया, जो कुछ ही देर में तेज आग में बदल गया।
इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बैंक के अंदर पाइप ले जाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और देखते ही देखते बैंक के अंदर रखा काफी सामान जलने लगा। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बैंक के कई कंप्यूटर, एसी, फर्नीचर और अन्य सामान जल चुके थे। आग बुझाने में इस्तेमाल किए गए पानी से भी कई जरूरी दस्तावेज खराब हो गए।
बताया जा रहा है कि जिस भवन में बैंक संचालित है, उसके निचले तल पर बैंक और ऊपरी मंजिल पर एक कोचिंग सेंटर चलता है। सुबह का समय होने के कारण उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग की तेज गर्मी के कारण बैंक मैनेजर के चैंबर में लगा एसी पिघल गया और केबिन के कांच भी टूट गए।
बैंक परिसर में रखे करीब 7 से 8 कंप्यूटर आग की चपेट में आकर जल गए या पानी से खराब हो गए। बताया जा रहा है कि आग लॉकर वाले केबिन के सामने बने एक केबिन में लगी थी। हालांकि लॉकर अंदर होने के कारण सुरक्षित बच गया।
आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड के सुरेंद्रसिंह, हेमंत, सलीम, योगी, सुरेंद्रसिंह और जुझारसिंह ने बैंक के अंदर जाकर पाइप के माध्यम से आग पर काबू पाया। बैंक मैनेजर राजीव बोथरा के मुताबिक सुबह आसपास के लोगों से बैंक में धुआं निकलने और सायरन बजने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बैंक में चालू और सेविंग मिलाकर करीब 80 हजार खाते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कई ग्राहक भी बैंक पहुंच गए और लॉकर की सुरक्षा को लेकर जानकारी लेते रहे। फिलहाल बैंक के लॉकर सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि बैंक को हुए नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है।