Ratlam News: रतलाम एक्सप्रेस-वे पर पथराव: स्कार्पियो पर हमला, बैंक मैनेजर ने PM मोदी और गडकरी से मांगी सुरक्षा

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर स्कार्पियो कार पर पथराव, परिवार बाल-बाल बचा। बैंक मैनेजर ने पीएम नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी को टैग कर सुरक्षा पर उठाए सवाल।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक गंभीर सुरक्षा चूक सामने आई। इंदौर के बैंक मैनेजर अमिताभ शर्मा और उनके परिवार की स्कार्पियो कार पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। घटना के बाद बदमाशों ने बाइक से कार का पीछा भी किया, जिससे परिवार दहशत में आ गया।

घटना का वीडियो देखे

घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब अमिताभ शर्मा अपने परिवार के साथ झाबुआ जिले के थांदला से रतलाम लौट रहे थे। कार में उनके पिता आरएन शर्मा, पत्नी शालिनी शर्मा, भाई अजिताभ शर्मा और भांजे कुणाल शर्मा मौजूद थे। कार कुणाल चला रहे थे।

रेस्ट एरिया के पास हुआ हमला

बताया जा रहा है कि 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर रेस्ट रूम से करीब 100 मीटर पहले अज्ञात हमलावरों ने अचानक कार पर पत्थर फेंके। पत्थर कार के पीछे के हिस्से में लगा। गनीमत रही कि कांच नहीं टूटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

बदमाशों ने किया पीछा

पथराव के बाद दो बाइक सवार बदमाशों ने कार का पीछा भी किया। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर कुणाल ने गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ा दी और किसी तरह परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।

धामनोद टोल पर रुकी कार

घटना के बाद परिवार ने सीधे धामनोद टोल नाके पर पहुंचकर राहत की सांस ली। यहां टोलकर्मियों और NHAI अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। अमिताभ शर्मा ने डायल 112 पर पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन सुनसान इलाका होने के कारण मौके पर रुकना सुरक्षित नहीं समझा।

दूसरी कार भी बनी शिकार

पीड़ित ने बताया कि उनके पीछे आ रही एक अन्य कार पर भी पथराव हुआ, जिसमें ज्यादा नुकसान हुआ। हालांकि वह कार घटनास्थल पर ही रुक गई थी।

PM और गडकरी को किया टैग

मामले को गंभीरता से लेते हुए अमिताभ शर्मा ने ई-एफआईआर दर्ज कराई है और सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को टैग कर एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शर्मा ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेस-वे पर भारी टोल वसूला जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि कई जगह रैलिंग टूटी हुई है और अवैध रूप से गुमटियां लगी हुई हैं। प्रतिबंध के बावजूद टू-व्हीलर वाहन भी एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रहे हैं।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी पथराव और असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram