Ratlam News: रतलाम में SP का नाइट पेट्रोलिंग पर सख्त एक्शन, लापरवाह अधिकारी पर जुर्माना, मुस्तैद टीम को सराहना

रतलाम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रात्रि गश्त का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया, जबकि मुस्तैद अधिकारियों को प्रोत्साहित किया गया।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने रात्रि गश्त व्यवस्था पर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बीती रात शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर गश्ती व्यवस्था का जायजा लिया।

वीडियो देखे

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चारों थाना क्षेत्रों में तैनात गश्ती अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, सतर्कता और कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग करें, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें।

इसके साथ ही बेवजह घूमने वाले लोगों पर सख्ती से कार्रवाई करने और रात के समय शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश भी दिए गए।

औचक निरीक्षण के दौरान थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में गश्त के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित गश्ती अधिकारी पर 2000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। वहीं, थाना प्रभारी स्टेशन रोड से इस मामले में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

दूसरी ओर, रेडियो शाखा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश पाराशर द्वारा गार्ड चेकिंग के दौरान बेहतर कार्य और मुस्तैदी दिखाने पर उनकी सेवापुस्तिका में प्रशंसा दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

रतलाम पुलिस द्वारा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस तरह की औचक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।