Ratlam News: रतलाम में डीजे विवाद बना जानलेवा, युवक की हत्या से शादी समारोह मातम में बदला

रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद में युवक की हत्या, तीन बारातें बिना फेरे लौटीं। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के ताल थाना क्षेत्र के भोई मोहल्ले में रविवार रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब डीजे ऑपरेटरों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया और एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और हालात बिगड़ने की आशंका के चलते तीनों बारातें बिना विवाह की रस्में पूरी किए ही वापस लौट गईं।

घटना का वीडियो देखे

तीन बेटियों की शादी में आई थीं तीन बारातें

जानकारी के अनुसार, भोई मोहल्ला निवासी शंकरलाल भोई की तीन बेटियों का विवाह एक साथ आयोजित किया गया था। इस समारोह में हाटपिपलिया (उणी), रुनीजा और राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के बसाड़ से तीन अलग-अलग बारातें आई थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन डीजे ऑपरेटरों के बीच प्रतिस्पर्धा ने माहौल बिगाड़ दिया।

माइक पर गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि अलग-अलग बारातों के साथ आए डीजे संचालकों के बीच गाने बजाने को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि माइक पर ही गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

समझाइश देने पहुंचे युवक पर हमला

मोहल्ले का रहने वाला दिलीप (22) अपने साथियों सुनील और रवि के साथ मौके पर पहुंचा और डीजे ऑपरेटरों को महिलाओं और परिवारजनों की मौजूदगी का हवाला देते हुए गाली-गलौज बंद करने को कहा। इसी बात से नाराज आरोपितों ने दिलीप और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चाकू से हमला, रास्ते में मौत

विवाद के दौरान एक डीजे ऑपरेटर ने दिलीप के पेट में चाकू मार दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य युवकों पर भी लोहे के पाइप से हमला करने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को पहले जावरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रतलाम रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी

मृतक दिलीप की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हुई थी। परिवार में पत्नी, माता-पिता, एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।

तनाव के चलते तीनों बारातें लौटीं

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए तीनों बारातें बिना फेरे लिए ही वापस लौट गईं और शादी का कार्यक्रम पूरी तरह से रद्द हो गया।

दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी

ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार, मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सख्त कार्रवाई की जाएगी।