Ratlam News: रतलाम में नकली घी का बड़ा खेल? एजेंसी पर छापा, 90 किलो घी जब्त, 7 सैंपल जांच को भेजे

रतलाम में नकली घी की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जय मां दूधेश्वरी एजेंसी पर छापा मारा। 90 किलो घी जब्त, 7 सैंपल भोपाल लैब भेजे गए। जानें पूरा मामला।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में नकली घी बेचने की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहन नगर स्थित जय मां दूधेश्वरी एजेंसी पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान अलग-अलग कंपनियों के घी के छोटे-बड़े पैकेट बड़ी मात्रा में बरामद किए गए। विभाग ने करीब 80 से 90 किलो घी जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 से 70 हजार रुपए बताई जा रही है।

वीडियो देखे

इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है, क्योंकि विभाग को शक है कि सस्ते दाम पर बाजार में नकली घी खपाया जा रहा था।

7 सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान कुल 7 सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में डीएफ गोल्ड, श्री मूल, गौ संत और मोती सागर ब्रांड के घी मिले हैं। इनमें 20-20 रुपए के देशी घी के पाउच भी शामिल थे।

किस ब्रांड पर सबसे ज्यादा शक?

विभाग को खासतौर पर डीएफ गोल्ड घी पर शक है। बताया जा रहा है कि पहले भी शहर में इसी नाम से घी बरामद हो चुका है, जिसे राज्य प्रयोगशाला ने अमानक घोषित किया था।

निर्माता कंपनियों की जानकारी

  • डीएफ गोल्ड – कामधेनु फूड प्रोडक्ट, भिवंडी (ठाणे, महाराष्ट्र)
  • श्री मूल घी – श्री मूल डेयरी प्रोडक्ट, बनासकांठा (गुजरात)
  • गौ संत और मोती सागर – मां अवरुंडा फूड प्रोडक्ट, अहमदाबाद (गुजरात)

एजेंसी संचालक ने क्या कहा?

दुकान संचालक गोपाल व्यास ने बताया कि वे यह घी इंदौर के डीलर से खरीदते हैं और सभी सामान के जीएसटी बिल उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि पिछले 7 से 8 महीनों से घी मंगवाया जा रहा था और शहर की विभिन्न दुकानों पर सप्लाई की जाती थी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

रतलाम में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों पर पहले भी कई बार कार्रवाई हो चुकी है। त्योहारों और शादी सीजन में ऐसे मामलों में तेजी देखी जाती है, जब नकली घी, मावा और मसाले बाजार में खपाने की कोशिश की जाती है।

फिलहाल क्या स्थिति है?

फूड विभाग ने मौके पर मौजूद घी को सीज कर दिया है। अब सभी की नजर भोपाल लैब रिपोर्ट पर है, जिससे तय होगा कि यह घी असली है या नकली। यदि रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो एजेंसी संचालक और संबंधित निर्माता कंपनियों पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।