रतलाम के मोतीनगर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। CCTV वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के मोतीनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय तनाव का केंद्र बन गया, जब डांस को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट व पथराव हुआ। इस घटना में क्षेत्र में खड़ी कारों और आसपास के मकानों को भी निशाना बनाया गया। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना का वीडियो देखे
शादी समारोह में कैसे बढ़ा विवाद?
जानकारी के मुताबिक, मामला रविवार रात का है। शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र के मोतीनगर इलाके में शादी समारोह चल रहा था, जहां DJ पर डांस हो रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक वहां डांस देखने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आ गए और एक-दूसरे पर लाठियों और पत्थरों से हमला करने लगे। पथराव इतना ज्यादा था कि वहां खड़ी एक कार के कांच टूट गए, जबकि आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना का वीडियो सोमवार दोपहर सामने आया। CCTV फुटेज में कई युवक एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ युवतियां भी नजर आ रही हैं, जो दोनों पक्षों को शांत कराने और बीच-बचाव की कोशिश करती दिख रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के बाद कुछ युवक मौके से चले गए थे, लेकिन बाद में मुंह पर नकाब बांधकर दोबारा लौटे और पथराव किया। इससे इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद करने वाले अधिकांश लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया।
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, जिस कार के कांच टूटे हैं, उसके मालिक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह भी कहना है कि विवाद करने वाले कुछ युवक डीडी नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
रतलाम और आसपास के इलाकों में शादी समारोहों में DJ और डांस को लेकर विवाद के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। कई बार मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल जाती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। पुलिस प्रशासन लगातार ऐसे आयोजनों में सतर्कता बरतने की अपील करता रहा है।