Ratlam News: रतलाम में मसीही सम्मेलन पर बवाल: विहिप-बजरंग दल का मतांतरण का आरोप, होटल अजंता पैलेस बना तनाव का केंद्र

रतलाम के होटल अजंता पैलेस में आयोजित मसीही सम्मेलन में विहिप और बजरंग दल ने मतांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच जारी।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में आयोजित एक मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन बुधवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। संगठनों ने सम्मेलन की आड़ में कथित मतांतरण कराने का आरोप लगाया, जिसके बाद होटल अजंता पैलेस के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया।

वीडियो देखे

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सुरक्षा के मद्देनजर हॉल का मुख्य गेट बंद कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आयोजन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है।

मसीही सम्मेलन में हंगामे से गरमाया माहौल

रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित होटल अजंता पैलेस में यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल रतलाम और रतलाम पास्टर्स फैलोशिप द्वारा 26 और 27 मई को दो दिवसीय “जीवन दर्शन” मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दूसरे दिन अचानक विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आयोजन केवल ईसाई समुदाय के लिए घोषित किया गया था, लेकिन अंदर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद थे। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने कथित मतांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

जय श्रीराम और नरेंद्र मोदी के नारों से गूंजा परिसर

हंगामे के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। एक ओर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया, वहीं दूसरी ओर मसीही समाज के लोगों ने “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारे लगाए।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और होटल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। पुलिस ने एहतियातन हॉल का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया ताकि विवाद और न बढ़े।

आयोजकों ने आरोपों को बताया निराधार

यूसीसीआर जिला सेक्रेटरी बिनोय कुरियाकोस ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सम्मेलन पूरी तरह आध्यात्मिक उन्नति और प्रार्थना पर आधारित था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बैनरों और निमंत्रण पत्रों में स्पष्ट लिखा गया था कि यह सम्मेलन केवल मसीही विश्वासियों के लिए है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान माहौल को देखते हुए सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए 50 रुपये का रजिस्ट्रेशन रखा गया था। साथ ही प्रतिभागियों को दी गई आईडी पर यह भी उल्लेख किया गया था कि वे अपनी इच्छा से कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

राजस्थान से आए थे मुख्य प्रचारक

सम्मेलन में जयपुर के आचार्य विकास मुख्य प्रचारक के रूप में शामिल हुए थे, जबकि संगीत आराधना के लिए पीएस विलियम मैसी पहुंचे थे। आयोजन समिति का कहना है कि कार्यक्रम में शामिल अधिकांश लोग रतलाम और आसपास के क्षेत्र के ही थे।

पुलिस कर रही जांच

हंगामे के बाद बजरंग दल जिलाध्यक्ष राधेश्याम रावल और जिला संयोजक मुकेश व्यास सहित कई पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से आयोजन बंद कराने और आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।