Ratlam News: गाय का कटा सिर मिलने से बवाल, हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम; प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

रतलाम के सिविक सेंटर क्षेत्र में गाय का कटा सिर और अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही के आरोप लगे, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सिविक सेंटर क्षेत्र में गुरुवार को गाय का कटा सिर और अन्य अवशेष मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए सड़क पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वीडियो देखे मौके पर पहुंचकर भड़के कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी गनी शक्तावत ने बताया कि उन्हें पहले केवल गौ अवशेष मिलने की सूचना मिली थी, लेकिन घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जो स्थिति सामने आई, उसने सभी को झकझोर दिया। उनके अनुसार यह केवल अवशेष नहीं, बल्कि गाय के शरीर का आधा हिस्सा था। उन्होंने कहा कि रतलाम में इस तरह की यह दूसरी घटना है और अब तक प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को शांत कर देता है, जबकि जमीन पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता। उन्होंने नगर निगम पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निगम सड़क से गायों को पकड़कर अवैध रूप से छोड़ देता है, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। जान से मारने की धमकियों का आरोप गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि जब तक गाय के पूरे अवशेष बरामद नहीं किए जाते और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि थाने में आवेदन देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। लोकेंद्र टॉकीज से सैलाना बस स्टैंड तक बढ़ा प्रदर्शन प्रदर्शनकारी लोकेंद्र टॉकीज चौराहे से सैलाना बस स्टैंड की ओर मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ता दोबारा सड़क पर बैठ गए और नगर निगम कमिश्नर को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रभारी सीएसपी अजय सारवान, एसडीओपी किशोर पाटन वाला, ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी सहित शहर के चारों थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं एसडीएम आर्ची हरित और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी हालात संभालने में जुटे रहे। अवैध झोपड़ियों पर उठे सवाल जिस क्षेत्र में गाय के अवशेष मिले हैं, वह नगर निगम और निजी जमीन का हिस्सा बताया जा रहा है। यहां एक समुदाय विशेष के घुम्मड़/साठिया समुदाय के लोगों द्वारा अवैध झोपड़ियां बनाकर रहने की बात सामने आई है। हिंदू संगठनों ने इसी समुदाय के कुछ लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब एक साल पहले भी इसी इलाके में ऐसा ही मामला सामने आया था। उस समय प्रशासन ने सात दिन के भीतर अवैध झोपड़ियां हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि सात दिन के भीतर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध झोपड़ियों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर मिले अवशेषों की जांच कराई जा रही है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Ratlam News: रतलाम में मसीही सम्मेलन पर बवाल: विहिप-बजरंग दल का मतांतरण का आरोप, होटल अजंता पैलेस बना तनाव का केंद्र

रतलाम के होटल अजंता पैलेस में आयोजित मसीही सम्मेलन में विहिप और बजरंग दल ने मतांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच जारी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में आयोजित एक मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन बुधवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। संगठनों ने सम्मेलन की आड़ में कथित मतांतरण कराने का आरोप लगाया, जिसके बाद होटल अजंता पैलेस के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। वीडियो देखे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सुरक्षा के मद्देनजर हॉल का मुख्य गेट बंद कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आयोजन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। मसीही सम्मेलन में हंगामे से गरमाया माहौल रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित होटल अजंता पैलेस में यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल रतलाम और रतलाम पास्टर्स फैलोशिप द्वारा 26 और 27 मई को दो दिवसीय “जीवन दर्शन” मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दूसरे दिन अचानक विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आयोजन केवल ईसाई समुदाय के लिए घोषित किया गया था, लेकिन अंदर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद थे। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने कथित मतांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। जय श्रीराम और नरेंद्र मोदी के नारों से गूंजा परिसर हंगामे के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। एक ओर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया, वहीं दूसरी ओर मसीही समाज के लोगों ने “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारे लगाए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और होटल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। पुलिस ने एहतियातन हॉल का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया ताकि विवाद और न बढ़े। आयोजकों ने आरोपों को बताया निराधार यूसीसीआर जिला सेक्रेटरी बिनोय कुरियाकोस ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सम्मेलन पूरी तरह आध्यात्मिक उन्नति और प्रार्थना पर आधारित था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बैनरों और निमंत्रण पत्रों में स्पष्ट लिखा गया था कि यह सम्मेलन केवल मसीही विश्वासियों के लिए है। उन्होंने बताया कि वर्तमान माहौल को देखते हुए सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए 50 रुपये का रजिस्ट्रेशन रखा गया था। साथ ही प्रतिभागियों को दी गई आईडी पर यह भी उल्लेख किया गया था कि वे अपनी इच्छा से कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। राजस्थान से आए थे मुख्य प्रचारक सम्मेलन में जयपुर के आचार्य विकास मुख्य प्रचारक के रूप में शामिल हुए थे, जबकि संगीत आराधना के लिए पीएस विलियम मैसी पहुंचे थे। आयोजन समिति का कहना है कि कार्यक्रम में शामिल अधिकांश लोग रतलाम और आसपास के क्षेत्र के ही थे। पुलिस कर रही जांच हंगामे के बाद बजरंग दल जिलाध्यक्ष राधेश्याम रावल और जिला संयोजक मुकेश व्यास सहित कई पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से आयोजन बंद कराने और आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।

Ratlam News: रतलाम में आवारा पशु पकड़ने गई निगम टीम पर हमला, कर्मचारियों ने किया थाने का घेराव

रतलाम में आवारा पशु पकड़ने गई नगर निगम टीम से कथित हाथापाई और पशु छुड़ाने के मामले में बजरंग दल जिला मंत्री पर केस दर्ज। विरोध में निगम कर्मचारियों ने थाने का घेराव कर शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के दीनदयाल नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात आवारा मवेशी पकड़ने गई नगर निगम की टीम और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और थाने के घेराव तक पहुंच गया। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह नगर निगम कर्मचारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी और कचरा वाहनों के साथ थाने के बाहर प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो देखे करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर कर्मचारी वापस काम पर लौटे। पूरे घटनाक्रम के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। नगर निगम टीम से हाथापाई का आरोप नगर निगम के उप स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं पशु पकड़ो वाहन प्रभारी विराट मेहरा की शिकायत पर पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला मंत्री गौरव शर्मा और उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, सोमवार रात करीब 1:30 बजे निगम की टीम दीनदयाल नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही थी। टीम में चरणसिंह, अय्यूब खान, राधेश्याम, याकुब खान, शाकिर, गोलू, निर्मल और वाहन चालक धर्मेंद्र पुरी शामिल थे। बताया गया कि पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास गौरव शर्मा अपने साथियों के साथ पहुंचे और निगम कर्मचारियों से बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग वाहन पर चढ़ गए और उसमें बंद गाय व सांडों को जबरन छुड़ा लिया। विराट मेहरा ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिसमें उनकी आंख, कान और होंठ पर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी चरणसिंह भी घायल हुए। पुलिस ने दर्ज किया मामला दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं। निगम कर्मचारियों का विरोध, शहर की सफाई प्रभावित घटना से नाराज नगर निगम कर्मचारियों और वार्ड प्रभारियों ने मंगलवार सुबह थाने का घेराव कर दिया। कर्मचारियों ने कचरा संग्रहण वाहनों को थाने के सामने खड़ा कर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। विरोध के कारण सुबह कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। गौरव शर्मा ने लगाए पलटवार के आरोप वहीं बजरंग दल जिला मंत्री गौरव शर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि निगम टीम एक पशुपालक की गर्भवती गाय को जबरन ले जा रही थी, जिसका विरोध किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारी शराब के नशे में थे और गोशाला में अव्यवस्थाएं फैली हुई हैं। शर्मा ने यह भी दावा किया कि कुछ कर्मचारी रुपये लेकर पशु छोड़ते हैं और इसके गवाह पशुपालक स्वयं हैं। निगम का पक्ष भी आया सामने स्वच्छता प्रभारी राजेंद्रसिंह पंवार ने कहा कि टीम को रात में शिकायत मिलने पर सांड पकड़ने भेजा गया था। सांड नहीं मिलने पर आवारा मवेशियों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को यह पता नहीं होता कि कौन-सी गाय गर्भवती है। साथ ही निगम की ओर से पहले भी पुलिस सुरक्षा की मांग की जा चुकी है।

रतलाम में बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन, कथित अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

रतलाम में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न कथित आपराधिक और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पढ़ें पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर देश और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चिंता जताई। कार्यकर्ताओं ने माननीय जिला कलेक्टर के माध्यम से केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन में कथित अवैध गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की। वीडियो देखे ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया कि हाल के कुछ मामलों ने सामाजिक ताने-बाने और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर अवैध कब्जे, धोखाधड़ी, और जबरन धर्मांतरण जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। इसके अलावा, ज्ञापन में सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनजातीय क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि वे राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रशासन से अपेक्षा करते हैं कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। वहीं, इस मामले में प्रशासन की ओर से कहा गया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और संबंधित बिंदुओं पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: कालिका माता प्रखंड में निकला शौर्य संचलन, शहर में गूंजे ‘जय श्री राम’ के नारे

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिन्दू परिषद् एवं बजरंग दल, कालिका माता प्रखंड के तत्वावधान में रविवार को शौर्य संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर के प्रमुख मार्गों पर अनुशासित तरीके से भ्रमण किया। WATCH VIDEO शौर्य संचलन की शुरुआत महलवाड़ा से हुई, जो थावरिया बाजार, जुनी कलालसैरी, हरमाला, फूल मंडी, माली कुआँ, मोहन टॉकीज और शीतला माता होते हुए पुनः महलवाड़ा में समापन के साथ संपन्न हुई। मार्ग के दौरान नगरवासियों ने ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरे नगर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मंच संचालन प्रखंड मंत्री विजय प्रजापत ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में जिला मंत्री गौरव जी शर्मा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने संस्कृति और धर्म के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा समाज में समरसता बनाए रखने और राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने शौर्य संचलन को युवाओं में साहस, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का माध्यम बताया। आयोजकों के अनुसार, शौर्य संचलन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, संस्कार, शिक्षा एवं धर्म के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम विश्व हिन्दू परिषद् एवं बजरंग दल के वरिष्ठ पदाधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष राधेश्याम जी रावल उपस्थित रहे। कालिका माता प्रखंड से अध्यक्ष रवि जी शर्मा, उपाध्यक्ष लालसिंह जी गौड, संयोजक नरेन्द्र सिंह जी सोलंकी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बजरंग दल की ओर से जिला संयोजक मुकेश जी व्यास, जिला कार्यकर्ता, प्रखंड कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे। शौर्य संचलन के सफल आयोजन से नगर में सामाजिक सहभागिता और अनुशासन का संदेश प्रसारित हुआ। जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: नामली में बजरंग दल का शौर्य संचलन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल प्रखंड नामली द्वारा नगर में भव्य शौर्य संचलन का आयोजन किया गया। संचलन आशर्मा मैरिज गार्डन, सेमलिया रोड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुआ। संचलन के माध्यम से अनुशासन, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। संचलन के प्रारंभ में प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख मंगलेश सोनी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बजरंग दल देश के युवाओं को सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का कार्य कर रहा है, वहीं बाहरी ताकतें हिंदू युवाओं को नशे और धर्मांतरण के माध्यम से कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणवेश पहनकर हाथों में लाठी लेकर नगर में निकलना किसी प्रकार का शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक एकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि आज बजरंग दल पूरे देश में राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ सजगता से खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर देश के लिए जीने, मरने और संघर्ष करने को प्रत्येक कार्यकर्ता तैयार है। संचलन के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मंचासीन संत गणेश दास महाराज (बाबाजी की कुटिया), प्रखंड पालक पवन देवड़ा, प्रखंड अध्यक्ष रामेश्वर धाकड़, मंत्री लखन सिंह कछावा तथा संयोजक हरीश पाटीदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभाग संयोजक विनोद शर्मा, सह संयोजक राजाराम ओहरी, जिला संयोजक मुकेश व्यास, सह संयोजक मुन्नू कुशवाह, आशु टांक, गौ रक्षा प्रमुख योगेश चौहान, सह विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा, प्रसार-प्रचार प्रमुख मोंटी जायसवाल सहित नामली प्रखंड के कमल सिंह, विजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, रोनक, लखन सिंह सोलंकी, पप्पू प्रजापत, आशीष, जितेंद्र, कमलेश, प्रेम, ईश्वर, पुखराज, अभिषेक, राजपाल, राजकुमार सहित खंड एवं ग्राम समितियों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रखंड मंत्री लखन सिंह कछावा ने व्यक्त किया।यह जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: ‘रन फॉर हेल्थ’ से गड़ कैलाश प्रखंड ने दिया नशा मुक्ति, ट्रैफिक नियम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश! 

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गड़ कैलाश प्रखंड द्वारा रविवार को एक प्रेरणादायक ‘रन फॉर हेल्थ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्ति, ट्रैफिक नियमों का पालन, और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को युवा पीढ़ी और मातृशक्ति तक पहुँचाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता हुए सम्मानित, भगवा गमछा पहनाकर बढ़ाया मान दौड़ के सफल समापन के बाद, विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर और भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके उत्साह को और बढ़ाया गया। गड़ कैलाश प्रखंड द्वारा आयोजित ‘रन फॉर हेल्थ’ कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में, पीयूष कोशरिया ने प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि अनिल भूरिया द्वितीय और नितिन प्रजापति तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह, बालिका वर्ग में सीमा डामोर ने प्रथम स्थान हासिल किया, उसके बाद आरती गामड़ ने द्वितीय और सुनेना सारवन ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इन सभी विजेताओं को कार्यक्रम के पश्चात पुरस्कार और भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। विशेष प्रोत्साहन: आकाश जी, दिव्यांश पाल, मंजीलाल प्रजापत, दुर्गा चोहान, रोनक चारपोटा, सेवाराम गड़ावा, भानु, और नोशिन को उनके जोश और भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। निर्णायक मंडल: कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने में निर्णायक मंडल के सदस्य जितेन्द्र धुलिया, दुर्गा शंकर भोंसले, प्रह्लाद बेरागी, दुर्गा डामोर, निर्मला डामोर और अजय भूरिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  मुख्य अतिथियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस सफल आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष भाईसाहब राधे श्याम जी रावल मौजूद रहे। उनके साथ जिला सेवा प्रमुख व प्रखंड पालक भाईसाहब अनिल जी रोतेला, जिला सह साप्ताहिक मिलन व प्रखंड मंत्री शुभम जी शर्मा, जिला सह सुरक्षा प्रमुख भाईसाहब नक्श जी परासिया, जिला सह प्रचार प्रसार प्रमुख भाईसाहब रिक्की जी सेन सहित विहिप और अन्य सामाजिक संगठनों के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रखंड अध्यक्ष राहुल जी पाटीदार, उपाध्यक्ष नानू जी पांचाल, सह मंत्री मनीष जी गेहलोत, संयोजक बलराम जी देशमुख, गो रक्षा प्रमुख रोहित जी पवाँर, विद्यार्थी प्रमुख कृष जी पोरवाल, सह विद्यार्थी प्रमुख रोहन जी बंजारा, प्रचार प्रसार प्रमुख महेश जी लाला, सामाजिक समरसता प्रमुख गोरव जी पाटीदार और धर्माचार्य संपर्क प्रमुख राजेश जी शर्मा शामिल थे। यह जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल द्वारा दी गई। इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक बदलाव की उम्मीदें बढ़ जाती हैं।

Ratlam News: रतलाम में हुतात्मा दिवस पर 51 यूनिट रक्तदान, कोठारी बंधुओं को श्रद्धांजलि

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: हुतात्मा दिवस के अवसर पर बजरंग दल जिला रतलाम द्वारा 2 नवंबर को कोठारी बंधुओं एवं कार सेवकों के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि स्वरूप रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उनकी स्मृति में हर वर्ष की तरह इस बार भी रक्तदान मानव सेवा समिति में आयोजित किया गया, जिसमें 51 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश व्यास सहित सभी जिला पदाधिकारी, प्रखंड प्रतिनिधि व ग्राम समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर हुतात्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: रतलाम में हुई बजरंग दल की मासिक बैठक, शौर्य संचलन व रक्तदान शिविर की बनी योजना

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बजरंग दल की मासिक जिला बैठक का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 को रतलाम जिला कार्यालय में किया गया। बैठक का शुभारंभ भारत माता व राम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत ने संगठनात्मक कार्यों पर मार्गदर्शन दिया। मंच पर विभाग मंत्री सौरभ चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल एवं जिला मंत्री गौरव शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में आगामी संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए बजरंग दल शौर्य संचलन की योजना बनाई गई। साथ ही संगठन सत्संग सप्ताह और हुतात्मा दिवस के आयोजन पर भी विचार-विमर्श हुआ।हुतात्मा दिवस के उपलक्ष्य में 3 नवम्बर को मानव सेवा समिति पर एक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। विभाग सह मंत्री पवन बंजारा एवं विभाग संयोजक राजाराम ओहरी सहित जिला संयोजक मुकेश व्यास और जिले के कई प्रमुख पदाधिकारी जैसे पवन देवड़ा, आशु टॉक, मुन्नू कुशवाह, राहुल हाड़ा, कृष्ण भामा, मोंटी जायसवाल, योगेश चौहान, हीरालाल सीरवी, अक्षय गोमे, नीरज सतवानी, मुकेश पाटीदार, गनी सक्तावत, बबल गुर्जर, शुभम शर्मा सहित सभी प्रखंडों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: रतलाम में संपन्न हुई बजरंग दल की त्रैमासिक बैठक, बाबा बुढ़ा अमरनाथ यात्रा और अखंड भारत संकल्प दिवस पर बनी योजना

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बजरंग दल एवं सामाजिक समरसता रतलाम विभाग की त्रैमासिक बैठक रविवार को रतलाम के हीरा पेलेस में आयोजित की गई। बैठक में आगामी महीनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, साथ ही बीते तीन माह के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन जी गहलोत, विभाग मंत्री सौरभ जी चतुर्वेदी, विभाग संयोजक विनोद जी शर्मा, सामाजिक समरसता आयाम के प्रांत प्रमुख दीपक जी मकवाना एवं विभाग प्रमुख राहुल जी सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।  बाबा बुढ़ा अमरनाथ यात्रा में अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का आह्वान बैठक में संगठन मंत्री अर्जुन जी गहलोत ने बीते तीन माह में बजरंग दल द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी व्रत रूप में ली। उन्होंने बताया कि आगामी बाबा बुढ़ा अमरनाथ यात्रा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु योजना बनाई गई है। साथ ही अखंड भारत संकल्प दिवस के भव्य आयोजन पर भी चर्चा हुई।  नशा मुक्ति और रक्तदान अभियानों पर विशेष जोर विभाग मंत्री सौरभ जी चतुर्वेदी ने बताया कि बजरंग दल स्कूल और कॉलेज स्तर पर सक्रिय रूप से युवाओं के बीच कार्य कर रहा है। संगठन द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाकर युवाओं को देशभक्त और जागरूक नागरिक बनाया जा रहा है। इसके साथ ही रक्तदान अभियानों में भी बजरंग दल की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी भाग ले रहे हैं।  सामाजिक समरसता को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य प्रांत प्रमुख दीपक जी मकवाना ने सामाजिक समरसता विषयक आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि “समाज के अंतिम व्यक्ति तक समरसता का भाव पहुंचे, इसके लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य करना आवश्यक है।”  तीनों जिलों से कार्यकर्ता रहे मौजूद बैठक में रतलाम, जावरा व झाबुआ जिलों से सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विभाग संयोजक राधेश्याम अंजना, राजाराम ओहरी, जिला संयोजक मुकेश व्यास, आशीष पोरवाल, संयोजक मुन्नू कुशवाह, आशु टाक, संदीप राठौर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस बैठक की जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल द्वारा दी गई।