Ratlam News: रतलाम में आवारा पशु पकड़ने गई निगम टीम पर हमला, कर्मचारियों ने किया थाने का घेराव

रतलाम में आवारा पशु पकड़ने गई नगर निगम टीम से कथित हाथापाई और पशु छुड़ाने के मामले में बजरंग दल जिला मंत्री पर केस दर्ज। विरोध में निगम कर्मचारियों ने थाने का घेराव कर शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के दीनदयाल नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात आवारा मवेशी पकड़ने गई नगर निगम की टीम और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और थाने के घेराव तक पहुंच गया। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह नगर निगम कर्मचारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी और कचरा वाहनों के साथ थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

घटना का वीडियो देखे

करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर कर्मचारी वापस काम पर लौटे। पूरे घटनाक्रम के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

नगर निगम टीम से हाथापाई का आरोप

नगर निगम के उप स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं पशु पकड़ो वाहन प्रभारी विराट मेहरा की शिकायत पर पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला मंत्री गौरव शर्मा और उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार, सोमवार रात करीब 1:30 बजे निगम की टीम दीनदयाल नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही थी। टीम में चरणसिंह, अय्यूब खान, राधेश्याम, याकुब खान, शाकिर, गोलू, निर्मल और वाहन चालक धर्मेंद्र पुरी शामिल थे।

बताया गया कि पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास गौरव शर्मा अपने साथियों के साथ पहुंचे और निगम कर्मचारियों से बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग वाहन पर चढ़ गए और उसमें बंद गाय व सांडों को जबरन छुड़ा लिया।

विराट मेहरा ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिसमें उनकी आंख, कान और होंठ पर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी चरणसिंह भी घायल हुए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं।

निगम कर्मचारियों का विरोध, शहर की सफाई प्रभावित

घटना से नाराज नगर निगम कर्मचारियों और वार्ड प्रभारियों ने मंगलवार सुबह थाने का घेराव कर दिया। कर्मचारियों ने कचरा संग्रहण वाहनों को थाने के सामने खड़ा कर नारेबाजी की।

कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। विरोध के कारण सुबह कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही।

गौरव शर्मा ने लगाए पलटवार के आरोप

वहीं बजरंग दल जिला मंत्री गौरव शर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि निगम टीम एक पशुपालक की गर्भवती गाय को जबरन ले जा रही थी, जिसका विरोध किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारी शराब के नशे में थे और गोशाला में अव्यवस्थाएं फैली हुई हैं। शर्मा ने यह भी दावा किया कि कुछ कर्मचारी रुपये लेकर पशु छोड़ते हैं और इसके गवाह पशुपालक स्वयं हैं।

निगम का पक्ष भी आया सामने

स्वच्छता प्रभारी राजेंद्रसिंह पंवार ने कहा कि टीम को रात में शिकायत मिलने पर सांड पकड़ने भेजा गया था। सांड नहीं मिलने पर आवारा मवेशियों को पकड़ा गया।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को यह पता नहीं होता कि कौन-सी गाय गर्भवती है। साथ ही निगम की ओर से पहले भी पुलिस सुरक्षा की मांग की जा चुकी है।