Ratlam News: रतलाम में ‘स्वाद’ के नाम पर सेहत से खिलवाड़! जूस सेंटर पर छापा, एक्सपायरी अमूल क्रीम और गंदगी का खुलासा

रतलाम के आदर्श जूस सेंटर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। जांच में एक्सपायरी अमूल फ्रेश क्रीम, अव्यवस्थित खाद्य सामग्री और गंदगी मिली। चार सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने शहर के जूस और डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार दोपहर दो बत्ती चौराहा स्थित आदर्श जूस सेंटर पर उज्जैन संभागीय उड़नदस्ते ने औचक छापा मारकर कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच के दौरान एक्सपायरी डेट की अमूल फ्रेश क्रीम, अव्यवस्थित खाद्य सामग्री और साफ-सफाई में भारी लापरवाही सामने आई।

घटना का वीडियो देखे

भोपाल के निर्देश पर हुई कार्रवाई

प्रदेशभर में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। भोपाल आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा और बीएस देवलिया की टीम ने आदर्श जूस सेंटर पर पहुंचकर जांच शुरू की। बाद में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश कुमार गुप्ता को भी मौके पर बुलाया गया।

निरीक्षण के दौरान दुकान में मिल्क शेक, जूस, कोल्ड ड्रिंक्स, पनीर और अन्य खाद्य सामग्री रखी मिली। साथ ही शेक बनाने में इस्तेमाल होने वाले रंग खुले में रखे पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करते हैं।

एक्सपायरी अमूल क्रीम का हो रहा था उपयोग

जांच में अमूल फ्रेश क्रीम के एक-एक लीटर के पैकेट मिले, जिनकी एक्सपायरी तिथि 15 मार्च 2026 थी। अधिकारियों के अनुसार एक्सपायरी अवधि समाप्त होने के बाद भी इनका उपयोग किया जा रहा था। डिस्प्ले फ्रिज में ऐसे दो पैकेट पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा दुकान में चारों ओर गंदगी और खाद्य सामग्री के अव्यवस्थित भंडारण की स्थिति भी सामने आई। अधिकारियों ने इसे उपभोक्ताओं की सेहत के लिए गंभीर खतरा बताया।

चार सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिल्क शेक, अनार जूस, अमूल फ्रेश क्रीम और पनीर के नमूने लेकर उन्हें सील किया। सभी सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जब्त पनीर ले जाने पर हुआ विवाद

कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी सामने आया। सेंपलिंग के दौरान जब्त किया गया पनीर एक व्यक्ति बिना अनुमति अपने साथ ले गया। पूछताछ में पता चला कि वह राजेंद्र नगर निवासी प्रकाश सोयल था, जो बालाजी मिल्क एजेंसी संचालित करता है।

अधिकारियों ने उसे तुरंत मौके पर बुलाया, लेकिन वह जब्त किया गया पनीर साथ नहीं लाया। बाद में उसे फटकार लगाई गई और वास्तविक पनीर वापस लाने के निर्देश दिए गए। काफी देर बाद जब्त किया गया वही पनीर अधिकारियों को सौंपा गया, जिसके बाद उसकी विधिवत सैंपलिंग की गई।

अधिकारी ने क्या कहा?

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि आदर्श जूस सेंटर पर कई अनियमितताएं पाई गई हैं। दुकान में साफ-सफाई का अभाव था, खाद्य सामग्री अव्यवस्थित रखी गई थी और खुले रंगों का उपयोग किया जा रहा था। साथ ही एक्सपायरी अमूल फ्रेश क्रीम का इस्तेमाल भी सामने आया है।

उन्होंने कहा कि चार नमूने जांच के लिए लिए गए हैं और प्रकरण आगे की कार्रवाई हेतु जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सौंप दिया गया है। शहर के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी जांच अभियान जारी रहेगा।