रतलाम जिले के जावरा में शिक्षा विभाग के बाबू को लोकायुक्त टीम ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। रिटायर्ड शिक्षक से पीपीओ और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के बदले मांगी थी घूस।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा में मंगलवार को उज्जैन लोकायुक्त टीम ने शिक्षा विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कर्मचारी ने एक रिटायर्ड शिक्षक का सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे कार्यालय में ही ट्रैप कर लिया।
रिटायर्ड शिक्षक से मांगे थे 20 हजार रुपए
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण लोट शासकीय उमावि हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा में उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और 31 मई को सेवानिवृत्त हुए थे।
सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें रिटायरमेंट सर्टिफिकेट और पीपीओ जारी करवाना था। आरोप है कि जावरा के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी संकुल केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 बाबू अनिल वर्मा ने इन दस्तावेजों को जारी करने के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ।
कई दिनों तक लगवाए चक्कर, फिर पहुंची शिकायत लोकायुक्त तक
जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड शिक्षक पिछले चार से पांच दिनों से अपने दस्तावेजों के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। बार-बार रिश्वत की मांग और काम में देरी से परेशान होकर उन्होंने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत मिलने के बाद वॉयस सैंपल और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।
टेबल की दराज में रजिस्टर के नीचे छिपाए थे नोट
मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 10 हजार रुपए आरोपी बाबू अनिल वर्मा ने स्वीकार कर लिए और अपनी टेबल की दराज में रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दिए।
जैसे ही रिश्वत की राशि रखी गई, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत के रुपए भी बरामद कर लिए गए।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत, कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत
लोकायुक्त विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत लोकायुक्त को दें।
शिकायत के लिए लोकायुक्त उज्जैन एसपी के मोबाइल नंबर 9425103975 और कार्यालय नंबर 0734-2512756 पर संपर्क किया जा सकता है।