सेवा भारती रतलाम द्वारा संचालित श्री गुरुजी बालक छात्रावास में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। 7 नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मण परवाल ने संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। सेवा भारती रतलाम द्वारा संचालित श्री गुरुजी बालक छात्रावास में रविवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए भव्य प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुभाष नगर स्थित छात्रावास परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, दुपट्टा पहनाकर तथा पेन-कॉपी भेंट कर स्वागत किया गया।
इस वर्ष छात्रावास में कुल 7 नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त वातावरण में शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रसेवा और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करना रहा।
वैदिक हवन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
प्रवेशोत्सव की शुरुआत वैदिक हवन-पूजन से हुई, जिसमें सभी छात्र शामिल हुए। हवन के मुख्य यजमान सेवा भारती रतलाम समिति के सदस्य संजीव पाठक एवं उनकी धर्मपत्नी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की।
इसके बाद भारत माता, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं पूजनीय श्री गुरुजी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
संस्कारयुक्त शिक्षा से ही बनेगा सशक्त समाज: डॉ. लक्ष्मण परवाल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. लक्ष्मण परवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक महत्वपूर्ण पाठशाला है। उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों को अनुशासन, स्वावलंबन, राष्ट्रभक्ति और जीवन मूल्यों की शिक्षा मिलती है, जो उनके भविष्य को दिशा प्रदान करती है।
डॉ. परवाल ने विद्यार्थियों से शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन मानने का आह्वान किया।
सेवा भारती के प्रकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहे सेवा
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सुरेन्द्र सुरेका ने कहा कि सेवा भारती के सेवा प्रकल्प समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता और अवसर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्री गुरुजी बालक छात्रावास आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भारतीय संस्कार प्रदान कर रहा है।
छात्रावास की व्यवस्थाओं की हुई सराहना
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को छात्रावास की कार्यप्रणाली, दैनिक दिनचर्या, अनुशासन व्यवस्था और सेवा भारती द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी गई। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने छात्रावास के संस्कारमय वातावरण और व्यवस्थाओं की सराहना की।
सेवा भारती रतलाम के अध्यक्ष अनुज छाजेड़ ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सचिव मोहित कसेरा ने किया। अंत में उपाध्यक्ष नितिन फलोदिया ने आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे समाजजन
कार्यक्रम में स्वतंत्र पाटनी, वीणा छाजेड़, राकेश मोदी, शीतल भंसाली, संजीव पाठक, योगेश जाट सहित सेवा भारती के कार्यकर्ता, अभिभावक एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।