रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट में एक बंगाली कारीगर 6 लाख रुपए मूल्य का सोना लेकर फरार हो गया। यह कारीगर बंगाली स्वर्णकार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद फारुख शेख की ज्वेलरी शॉप “एएच ज्वेलर्स” में काम करता था। चोरी की यह घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। मामले में पुलिस ने घटना के करीब एक महीने बाद अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है।


पैंडल बनाने के लिए मिला था सोना, परिवार सहित हुआ फरार
करीब तीन महीने पहले दुकान पर कारीगरी के लिए रखे गए फरीदुद्दीन शेख (निवासी जुरेपारा, थाना कान्ला वेस्ट, जिला बर्धमान, पश्चिम बंगाल) को 26 अप्रैल 2025 को 63.20 ग्राम (92 टंच) सोना दिया गया था। उसे 20 पैंडल तैयार करने थे। इसके चार दिन बाद, 30 अप्रैल को दुकान बंद होने के बाद वह परिवार सहित गायब हो गया।

1 मई को दुकान संचालक ने माणकचौक थाने में आवेदन देकर कारीगर के फरार होने की सूचना दी थी। आखिरकार 30 मई को पुलिस ने अमानत में खयानत की धारा में एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के पास आरोपी के दस्तावेज, तलाश में जाएगी बंगाल
माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है और पुलिस को कुछ इनपुट भी मिले हैं। जल्द ही पुलिस टीम पश्चिम बंगाल रवाना होगी। फरार कारीगर का पुलिस वेरिफिकेशन पहले ही हो चुका था। पुलिस के पास उसका आधार कार्ड व अन्य पहचान दस्तावेज मौजूद हैं।
शहर में 3 हजार से ज्यादा बंगाली कारीगर
रतलाम शहर में करीब 3 हजार बंगाली कारीगर काम कर रहे हैं। इनकी एक रजिस्टर्ड संस्था “बंगाली स्वर्णकार एसोसिएशन” भी है, जिसमें 130 सदस्य शामिल हैं। जिस दुकान से कारीगर सोना लेकर फरार हुआ, उसके संचालक मोहम्मद फारुख शेख स्वयं बंगाली मूल के हैं, लेकिन पिछले 35 वर्षों से रतलाम में ही निवास कर रहे हैं।
जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि फरार कारीगर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जांच कर रही है।
Latest News
- BREAKING MP Board Exam: 9वीं से 12वीं तक बदला पेपर पैटर्न, लघु उत्तरीय सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
- BREAKING surya grahan 2026: 12 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण से लेकर उल्का वर्षा तक; भारत में दिखेगा या नहीं?
- Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए