रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के सीएम राइज स्कूल विनोबा (अब सांदीपनी विद्यालय) में सक्षम संचार फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मीडिया स्किल समर कैंप के दूसरे दिन विद्यार्थियों को कहानी सुनाने की कला, ओपन माइक सत्र और थिएटर की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इस रचनात्मक शिविर का उद्देश्य छात्रों के संचार कौशल को निखारना और मीडिया के क्षेत्र में संभावनाओं से उन्हें परिचित कराना है।


शिविर की शुरुआत आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी जितेन्द्र द्विवेदी के व्याख्यान से हुई। उन्होंने कहा, “रेडियो आज भी एक प्रभावशाली माध्यम है जिसकी पहुंच ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक है। बेहतर वाचन शैली और आवाज में विविधता लाकर युवा रेडियो में एक उज्जवल करियर बना सकते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को रेडियो प्रजेंटेशन की बारीकियों से भी अवगत कराया।
इसके पश्चात प्रसिद्ध फिल्म लेखक एवं रंगमंच विशेषज्ञ अरुण शेखर ने छात्रों को कहानी कहने की कला, ओपन माइक के महत्व और थियेटर की प्रस्तुति तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा, “एक सजग पर्यवेक्षक ही बेहतर कहानीकार बन सकता है। ओपन माइक जैसे मंच आज युवाओं के लिए अपनी बात कहने का बेहतरीन जरिया बन रहे हैं।”

इस सत्र का संचालन सक्षम संचार फाउंडेशन की निदेशक अर्चना शर्मा ने किया। उन्होंने डिजिटल युग में मीडिया, कंटेंट क्रिएशन, वीडियो एडिटिंग, जनसंचार और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाएं उजागर कीं। उन्होंने छात्रों से कहा, “आज के दौर में प्रभावी संचार हर क्षेत्र की आवश्यकता बन चुका है। यह शिविर आपको इसी दिशा में सक्षम बनाएगा।”
विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोरा के निर्देशन में संचालित इस समर कैंप में पंजीकृत 40 विद्यार्थियों को प्रत्येक दिन प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैरियर प्रभारी मनीषा चौधरी ने बताया कि शिविर में रचनात्मक लेखन, द्विभाषीय अभिव्यक्ति और संवाद कौशल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर ने कहा, “यह शिविर विद्यार्थियों को मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों में भविष्य के अवसरों के लिए तैयार करेगा।” समापन टिप्पणी और धन्यवाद ज्ञापन कैरियर प्रभारी मंजुलिका खरे ने किया। उन्होंने बताया कि आने वाले सत्रों में सोशल मीडिया मैनेजमेंट, वीडियो प्रोडक्शन, इंटरैक्टिव वर्कशॉप्स और पॉडकास्टिंग पर आधारित कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
Latest News
- BREAKING Banking Jobs 2026: PNB और यूनियन बैंक में 940 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता, सैलरी और आवेदन प्रक्रिया
- BREAKING MP UCC Bill पास: शादी का रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य, लिव इन से नौकरी रिकॉर्ड तक क्या बदल जाएगा?
- BREAKING Ratlam News: काटजू नगर में युवक ने लगाई फांसी, बदबू आने पर खुला राज; दो माह पहले हुई थी दूसरी शादी