पब्लिक वार्ता – रतलाम,
जयदीप गुर्जर। शहर में बीती रात घटी घटना ने आदर्श आचार संहिता की पुलिस गुंडा परेड को केवल रिहर्सल में तब्दील कर दिया। घटना ने शहर में बेख़ौफ हो रही गुंडागर्दी और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। इसके पूर्व दो बड़ी घटनाएं इस प्रकार की हो चुकी है। इस घटना के वायरल सीसीटीवी वीडियो ने कुछ माह पूर्व हुए चांदनी चौक में व्यापारी के हत्याकांड की तस्वीर ताजा कर दी। इसमें भी दुकानदार को उसी तरह पत्थर से हमला कर घायल होते हुए देखा जा सकता है।
घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के डोंगरे नगर की है। जहां रविवार रात गुंडातत्वों ने आनंद रेस्टोरेंट दुकान से सिगरेट व पान मसाला खरीदा। दुकानदार ने जब पैसे मांगे तो आरोपियों ने गाली गलौच करते हुए उसे धमकाया और बगैर पैसे दिए वहां से रवाना हो गए। उसके कुछ मिनट बाद आरोपी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ आए और दुकानदार पर हमला कर दिया। जिसमें दुकानदार सहित तीन को चोट आई है। घायल प्रफुल्ल पिता दशरथ पंवार (47), छोटा भाई संजय पंवार व भांजा अनमोल पिता रोहित मारू इस हमले में गंभीर घायल हुए। प्रफुल्ल को सर में 8 के करीब व संजय व अनमोल को 3 से 4 टांके आए है। गंभीर घायल प्रफुल्ल ने बताया की आरोपियों ने डंडे, ईंट व बेल्ट से हमला किया। बीच बचाव करने आये छोटे भाई संजय व भांजे अनमोल पर भी हमला कर दिया। घर की महिलाओं व बच्चों के साथ भी गुंडों ने धक्का मुक्की की। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।क्षेत्रवासियों के अनुसार लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में गुंडे टोलियां बनाकर आए दिन घूमते है और धमकाते है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी विकास उर्फ जग्गू मेघवाल की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू कर दिए है। सीएसपी अभिनव कुमार वारंगे ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। आदर्श आचार संहिता में इस प्रकार की घटना होना गंभीर विषय है जल्द ही सभी आरोपी राउंडअप होंगे। विकास के पूर्व में भी मारपीट के 5 अपराध है।

मां को है केंसर, ले जाना था अहमदाबाद:
प्रफुल्ल के मित्रों ने बताया कि घर में बुजुर्ग मां है जिनको केंसर की बीमारी है। इनका इलाज अहमदाबाद में चल रहा है। रात को ट्रेन से उनको अहमदाबाद इलाज के लिए ले जाना था मगर उससे पहले यह घटना हो गई। बुजुर्ग मां व पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपियों पर आईपीसी की धारा 307, 294, 506, 147, 148 व 149 में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मुख्य आरोपी जग्गू समेत अन्य की तलाश में जुट गई है।
Latest News
- रॉयल कॉलेज में छात्रों को मिले करियर बनाने के टिप्स, ट्रैफिक डीएसपी ने समझाया जिंदगी बचाने का मंत्र
- Ratlam News: रतलाम में सट्टेबाजों पर पुलिस की दबिश, 5 गिरफ्तार; शहर में निकाला जुलूस, पुराने मामले भी खंगाले जा रहे
- Ratlam News: जावरा में टैंकर के पहिए के आगे लेटा युवक, CCTV में कैद हुई घटना, मौत के बाद सड़क पर हंगामा