बी.एड. सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू, जानिए पूरी टाइम टेबल और जरूरी नियम
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा बी.एड. (दो वर्षीय) नियमित पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए विस्तृत समय सारणी जारी कर दी गई है। प्रदेशभर के इच्छुक विद्यार्थी एमपी ऑनलाइन के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी।
रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज, रतलाम की शिक्षा संकाय की प्राचार्य डॉ. आर.के. अरोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि बी.एड. प्रवेश के लिए सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को स्नातक या स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों का स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है, वे प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के अंकों के आधार पर ऑनलाइन पंजीयन कर प्रावधिक प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
प्रथम चरण: 14 मई अंतिम तिथि
बी.एड. प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम चरण में ऑनलाइन पंजीयन एवं कॉलेज चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 14 मई 2026 निर्धारित की गई है। दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि 15 मई रहेगी।
- मेरिट सूची जारी होगी – 18 मई 2026
- सीट आवंटन – 20 मई 2026
- हेल्प सेंटर पर दस्तावेज सत्यापन – 20 से 25 मई
- प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि – 26 मई 2026
द्वितीय चरण की प्रक्रिया
दूसरे चरण में ऑनलाइन पंजीयन 28 मई से 3 जून 2026 तक होंगे। दस्तावेज सत्यापन 29 मई से 4 जून तक किया जाएगा।
- मेरिट सूची – 7 जून 2026
- सीट आवंटन – 9 जून 2026
- हेल्प सेंटर सत्यापन – 9 से 12 जून
- शुल्क भुगतान – 9 से 13 जून 2026
तृतीय चरण की समय सारणी
तीसरे चरण में ऑनलाइन पंजीयन 15 जून से 19 जून 2026 तक होंगे। दस्तावेज सत्यापन 16 जून से 20 जून तक किया जाएगा।
- मेरिट सूची – 22 जून 2026
- सीट आवंटन – 25 जून 2026
- हेल्प सेंटर सत्यापन – 24 से 29 जून
- शुल्क भुगतान – 25 से 30 जून 2026
प्रवेश नहीं लेने पर अगले चरण से बाहर हो सकते हैं छात्र
डॉ. आर.के. अरोरा ने बताया कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण में प्रथम वरीयता के आधार पर सीट आवंटित होने के बाद यदि कोई अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेता है या प्रवेश लेकर निरस्त कराता है, तो उसे आगामी चरणों की चॉइस फिलिंग प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन एवं दस्तावेज सत्यापन पूरा करने की अपील की है। कॉलेज आवंटन के बाद विद्यार्थियों को मूल दस्तावेज, मूल टीसी और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ हेल्प सेंटर पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। सत्यापन पूर्ण होने के बाद ही शुल्क भुगतान की लिंक सक्रिय की जाएगी। निर्धारित समय में शुल्क जमा नहीं करने पर प्रवेश निरस्त माना जाएगा।