रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। MP News: रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित 154वीं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में रतलाम मंडल को आचार्य महावीर प्रसाद चल वैजयंती पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अपर मंडल रेल प्रबंधक अशफाक अहमद को रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक प्रदान किया गया। यह सम्मान राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन और प्रचार-प्रसार के लिए दिया गया।


रेलवे बोर्ड ने रतलाम मंडल को किया सम्मानित
रेल भवन में आयोजित इस समारोह में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश कुमार ने राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्रीय रेलवे, मंडलों और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान रतलाम मंडल को आधार वर्ष 2023 हेतु आचार्य महावीर प्रसाद चल वैजयंती पुरस्कार दिया गया, जिसे अपर मंडल रेल प्रबंधक अशफाक अहमद ने प्राप्त किया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक अशफाक अहमद को रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक
अशफाक अहमद को रतलाम मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक प्रदान किया गया। इस सम्मान के तहत उन्हें रजत पदक, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार दिया गया।
पश्चिम रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि
रेलवे बोर्ड स्तर पर रतलाम मंडल को एक साथ दो प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त होना, न केवल मंडल बल्कि पूरे पश्चिम रेलवे के लिए एक विशिष्ट उपलब्धि है। इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने हर्ष व्यक्त किया और मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में रतलाम मंडल की अहम भूमिका
रतलाम मंडल लगातार राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सम्मान मंडल के समर्पित प्रयासों का प्रमाण है।
Latest News
- BREAKING MP Board Exam: 9वीं से 12वीं तक बदला पेपर पैटर्न, लघु उत्तरीय सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
- BREAKING surya grahan 2026: 12 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण से लेकर उल्का वर्षा तक; भारत में दिखेगा या नहीं?
- Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए