रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग ने मोबाइल खरीदने के लालच में अपनी मां के करीब 12.50 लाख रुपये के सोने के गहने बेच दिए। इस पूरे घटनाक्रम में एक नाबालिग दोस्त और एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर गहने दिलवाए, और बदले में सिर्फ एक मोबाइल फोन और 2 लाख रुपये ही दिए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सोने की रिकवरी की कोशिश की जा रही है।

ऐसे रची गई गहनों की ठगी की साजिश
घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है। 6 जून को जब महिला एक शादी समारोह के लिए तैयार हो रही थी, तब अलमारी से गहने गायब मिले। महिला के पति ने जब बेटे से पूछा, तो पहले वह घबराया, फिर सच्चाई सामने लाई।

- बेटे ने बताया कि उसे S-25 सैमसंग मोबाइल खरीदना था। इसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये थी।
- उसने अपने नाबालिग दोस्त को यह बात बताई, जिसने उसे सरफिन अंसारी नामक व्यक्ति से मिलवाया।
- सरफिन ने गहने दिलाने के एवज में मोबाइल देने का लालच दिया और तीन बार में घर से लगभग 200 ग्राम सोना मंगवा लिया।
- बदले में केवल एक मोबाइल और 2 लाख रुपये ही दिए गए।
पिता बोले- बेटे का ब्रेनवॉश कर गिरोह ने फंसाया
नाबालिग के पिता ने कहा कि यह कोई सामान्य धोखाधड़ी नहीं है, बल्कि एक पूरी गैंग है जो बच्चों को महंगे मोबाइल के लालच में फंसा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रभावित किया गया और बार-बार गहने मंगवाए गए।
“बेटा यह नहीं समझ सका कि सोना कितना महंगा होता है। तीन बार में करीब 20 से 22 लाख रुपये का सोना चला गया,” – पिता
मां ने भी जताई चिंता, बेटे को किया टारगेट
नाबालिग की मां ने कहा कि उनके बेटे को जानबूझकर टारगेट किया गया। उन्होंने कहा कि सरफिन अंसारी और उसके जैसे लोग नाबालिगों को बहकाकर उनका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने पुलिस से अपील की कि उनके बेटे को रिहा कर पढ़ाई की ओर वापस लाया जाए।
दो सराफा दुकानों पर बेचा सोना, व्यापारी भी जांच के घेरे में
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सरफिन ने चांदनी चौक की दो सराफा दुकानों — वीके मार्केट और कोठारी मार्केट — में गहने बेचे। पुलिस इन व्यापारियों से भी पूछताछ कर रही है। अब सवाल उठ रहा है कि इतना सोना खरीदते वक्त सराफा व्यापारियों ने किसी तरह की पूछताछ क्यों नहीं की?
तीन मोबाइल खरीदे गए, एक गिफ्ट कर दिया
पुलिस रिपोर्ट में सिर्फ एक मोबाइल की बात है, लेकिन पिता के अनुसार तीन मोबाइल खरीदे गए, जिनमें से एक बेटा खुद रखे था, एक दोस्त के पास था और एक किसी को गिफ्ट कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच
- थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि पिता की शिकायत पर सरफिन अंसारी और नाबालिग दोस्त के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
- सोने की रिकवरी के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है और सराफा व्यापारियों से भी पूछताछ जारी है।
यह घटना सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि किस तरह नाबालिग बच्चों को टारगेट कर ठगी की जा रही है।पुलिस को अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करनी होगी ताकि आगे कोई और बच्चा इस जाल में न फंसे।
Latest News
- BREAKING MP Board Exam: 9वीं से 12वीं तक बदला पेपर पैटर्न, लघु उत्तरीय सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
- BREAKING surya grahan 2026: 12 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण से लेकर उल्का वर्षा तक; भारत में दिखेगा या नहीं?
- BREAKING Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए