Ratlam News: मोबाइल के लालच में 16 साल के बेटे ने बेच दिए मां के 12.50 लाख के गहने, सिर्फ फोन और 2 लाख में ठगी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग ने मोबाइल खरीदने के लालच में अपनी मां के करीब 12.50 लाख रुपये के सोने के गहने बेच दिए। इस पूरे घटनाक्रम में एक नाबालिग दोस्त और एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर गहने दिलवाए, और बदले में सिर्फ एक मोबाइल फोन और 2 लाख रुपये ही दिए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सोने की रिकवरी की कोशिश की जा रही है।  ऐसे रची गई गहनों की ठगी की साजिश घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है। 6 जून को जब महिला एक शादी समारोह के लिए तैयार हो रही थी, तब अलमारी से गहने गायब मिले। महिला के पति ने जब बेटे से पूछा, तो पहले वह घबराया, फिर सच्चाई सामने लाई। पिता बोले- बेटे का ब्रेनवॉश कर गिरोह ने फंसाया नाबालिग के पिता ने कहा कि यह कोई सामान्य धोखाधड़ी नहीं है, बल्कि एक पूरी गैंग है जो बच्चों को महंगे मोबाइल के लालच में फंसा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रभावित किया गया और बार-बार गहने मंगवाए गए। “बेटा यह नहीं समझ सका कि सोना कितना महंगा होता है। तीन बार में करीब 20 से 22 लाख रुपये का सोना चला गया,” – पिता मां ने भी जताई चिंता, बेटे को किया टारगेट नाबालिग की मां ने कहा कि उनके बेटे को जानबूझकर टारगेट किया गया। उन्होंने कहा कि सरफिन अंसारी और उसके जैसे लोग नाबालिगों को बहकाकर उनका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने पुलिस से अपील की कि उनके बेटे को रिहा कर पढ़ाई की ओर वापस लाया जाए।  दो सराफा दुकानों पर बेचा सोना, व्यापारी भी जांच के घेरे में पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सरफिन ने चांदनी चौक की दो सराफा दुकानों — वीके मार्केट और कोठारी मार्केट — में गहने बेचे। पुलिस इन व्यापारियों से भी पूछताछ कर रही है। अब सवाल उठ रहा है कि इतना सोना खरीदते वक्त सराफा व्यापारियों ने किसी तरह की पूछताछ क्यों नहीं की? तीन मोबाइल खरीदे गए, एक गिफ्ट कर दिया पुलिस रिपोर्ट में सिर्फ एक मोबाइल की बात है, लेकिन पिता के अनुसार तीन मोबाइल खरीदे गए, जिनमें से एक बेटा खुद रखे था, एक दोस्त के पास था और एक किसी को गिफ्ट कर दिया गया। पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच यह घटना सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि किस तरह नाबालिग बच्चों को टारगेट कर ठगी की जा रही है।पुलिस को अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करनी होगी ताकि आगे कोई और बच्चा इस जाल में न फंसे।

Ratlam News: रतलाम में महाराणा प्रताप जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर प्रतिमा का वैदिक अनुष्ठान, आज निकलेगी भव्य शौर्य यात्रा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: महाराणा प्रताप जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सैलाना बस स्टैंड स्थित उनकी प्रतिमा का सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। पंडित गोपाल सावरा द्वारा दुग्ध और पंचामृत से प्रतिमा का अभिषेक कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। आज निकलेगी शौर्य यात्रा, ऐतिहासिक स्थलों पर होगा पूजनआज दिनांक 29 मई, गुरुवार को शाम 4:00 बजे महलवाड़ा परिसर से भव्य शौर्य यात्रा निकाली जाएगी, जिसका आयोजन श्री महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति व समस्त राजपूत संगठनों द्वारा किया जा रहा है। यात्रा से पूर्व राजमहल परिसर में राजराजेश्वरी नागणेचा माता, पद्मावती माता, श्रीनाथ जागनाथ महादेव (हाथी खाना) और श्री चारभुजा नाथ मंदिर (अमृत सागर) में विशेष पूजा कर चुनरी अर्पण की जाएगी। इसके पश्चात रतलाम के संस्थापक महाराजा रतन सिंह राठौर और महाराजा सज्जन सिंह राठौर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। यात्रा मार्ग और विशेष आकर्षणशौर्य यात्रा महलवाड़ा से प्रारंभ होकर महाराजा रतन सिंह चौराहा, नगर निगम, कॉलेज रोड, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, रानी जी का मंदिर, शहीद चौक, गायत्री टॉकीज मार्ग होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंचेगी। वहाँ महाराणा प्रताप प्रतिमा पर समाज के वरिष्ठ अतिथि द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा तथा भव्य आतिशबाजी की जाएगी। यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे: इनकी रहेगी विशेष भूमिकाआयोजन में राजेंद्र सिंह गोयल, विजय सिंह हारोड़, विजय सिंह चौहान, दिलीप सिंह सोनगरा, नरेंद्र सिंह सोलंकी, किशोर सिंह चौहान, देवी सिंह राठौर, शैलेंद्र सिंह देवड़ा, निखिलेश सिंह पवार, वीरेंद्र सिंह खंगारोत सहित कई वरिष्ठजनों की उपस्थिति रहेगी। महिलाओं में जया गोयल, किरण तंवर, पूर्णिमा चौहान, अनीता सोलंकी, रेखा सिसोदिया, टीना चंद्रावत सहित अनेक महिलाएं आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सम्पर्क:निवेदक: श्री महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति, रतलाममो.: 9691644666

MP News: संघ शिक्षा वर्ग कार्यकर्ताओं के निर्माण की साधना: श्री श्रीनाथ जी,दीप प्रज्वलन के साथ पेटलावद में प्रारंभ हुआ मालवा प्रांत का संघ शिक्षा वर्ग

पेटलावद- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत का व्यवसायी वर्ग (2025) रविवार को पेटलावद में भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत प्रारंभ हुआ। 15 दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में मालवा प्रांत के 28 जिलों से चयनित 228 शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। प्रारंभिक सत्र में मालवा प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह श्रीनाथ जी गुप्ता, वर्ग के माननीय सर्वाधिकारी  सुरजीत सिंह तनेजा तथा सह प्रांत कार्यवाह रघुवीर सिंह सिसोदिया मंचासीन रहे। वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ता निर्माण एवं उनके सर्वांगीण विकास को समर्पित है। श्री श्रीनाथ जी गुप्ता ने उद्घाटन सत्र में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा, “संघ का शिक्षा वर्ग कार्यकर्ताओं के निर्माण की साधना है। अहंकार व्यक्ति के विकास में बाधा है, इसे त्यागकर ‘मुझे सीखना है’ की भावना से आगे बढ़ना चाहिए।” उन्होंने डॉ. हेडगेवार के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने भारत को पुनः गौरवशाली बनाने के लिए संगठित समाज की नींव रखी। उन्होंने कहा कि संघ की कार्यपद्धति पूर्णतः वैज्ञानिक है, और शाखा से लेकर वर्ग तक का हर पड़ाव कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा है। इस वर्ग में चयनित स्वयंसेवकों को न केवल स्वयं को निखारना है, बल्कि समाज में जाकर संघ कार्य को आगे भी बढ़ाना है। श्री गुप्ता ने तीन प्रमुख ध्येय चिंतन की ओर ध्यान आकर्षित किया: उन्होंने कहा कि संगठन को चलाने के लिए क्रोध पर नियंत्रण आवश्यक है, क्योंकि संगठन में क्रोध का स्थान नहीं होता। साथ ही उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। प्रशिक्षण का दैनिक क्रम:प्रत्येक दिन प्रातः 4:10 बजे जागरण से लेकर रात्रि 10:15 बजे दीप विसर्जन तक शिक्षार्थियों को शारीरिक एवं बौद्धिक सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन:यह वर्ग 1 जून को सायं 6 बजे पेटलावद स्थित सांदीपनी विद्यालय (सीएम राइस स्कूल) प्रांगण में प्रकट कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा।

Ratlam News: बिना जांच लगाए इंजेक्शन से 6 साल की बच्ची की मौत, होम्योपैथिक डॉक्टर गिरफ्तार, पहले भी हो चुकी है मौत

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम ज़िले के रावटी कस्बे में एक 6 साल की बच्ची की मौत इलाज के दौरान हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक होम्योपैथिक डॉक्टर ने बिना किसी जांच के एलोपैथिक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही घंटों बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान अरुणा, पिता नाथुलाल भाभर, निवासी रावटी के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह उसे बुखार था, जिसके बाद परिजन उसे रावटी के पंचायत चौराहे स्थित अजय सिंह चौहान के निजी क्लिनिक पर लेकर गए। डॉक्टर ने बिना जांच के बच्ची को इंजेक्शन लगा दिया। बाजार ले जाते समय अरुणा को उल्टी हुई और दोबारा क्लिनिक लाया गया, जहां दोपहर 1 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद डॉक्टर मौके से फरार हो गया, लेकिन रावटी पुलिस ने देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर के पास केवल होम्योपैथी की डिग्री है, लेकिन वह वर्षों से एलोपैथिक इलाज कर रहा था। पहले भी हो चुकी है मौत इसी क्लिनिक मेंयह पहली घटना नहीं है। छह साल पहले 26 जनवरी 2019 को ग्राम गंगायता पाड़ा निवासी रमेश चारेल (30) की भी इसी क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत हुई थी। तब भी डॉक्टर ने बिना जांच के इंजेक्शन लगाया था। स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाहीजानकारी के अनुसार, आरोपी अजय सिंह चौहान पिछले 10–12 साल से यह क्लिनिक चला रहा था और रतलाम के एक होम्योपैथिक कॉलेज में शिक्षक भी है। मार्च 2025 में स्वास्थ्य विभाग ने उसे नोटिस जारी कर डिग्री और क्लिनिक संचालन की जानकारी मांगी थी, लेकिन जवाब नहीं मिला। क्षेत्र में 50 से ज्यादा अवैध क्लिनिकस्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रावटी क्षेत्र में 50 से अधिक अवैध क्लिनिक संचालित हो रहे हैं। इन क्लिनिकों में बिना योग्य डिग्री और पंजीयन के इलाज किया जा रहा है, जो कि गंभीर जनस्वास्थ्य संकट है। पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी मेंपुलिस ने बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा और क्लिनिक को सील कर दिया है। आरोपी डॉक्टर से पूछताछ जारी है।

MP News: वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पर सूफी जियारत अली मलंग हक्कानी का बड़ा बयान, कहा – पहले कानून को पढ़ें, फिर करें विरोध

आगर मालवा- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को लेकर देशभर में चल रही बहस के बीच मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सूफी शाह मलंग प्रकोष्ठ के सह-संयोजक और सूफी खानकाह एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूफी शाह सैय्यद जियारत अली मलंग हक्कानी मदारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुजावर सेना द्वारा चलाए जा रहे वक्फ संशोधन 2025 जन जागृति अभियान की सराहना करते हुए इसे देशहित में जरूरी बताया और इस अभियान को अपना संरक्षण देने की बात कही। सूफी हक्कानी मदारी ने कहा कि विरोध करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन किसी भी कानून का विरोध करने से पहले उसे पढ़ना, समझना और जानना जरूरी है। उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी देशविरोधी साजिश का हिस्सा न बनें। जो लोग मुसलमानों से इस कानून का विरोध करने को कह रहे हैं, वे पहले अपने बच्चों को आंदोलन में भेजें, फिर हमारे बच्चों की मांग करें। इस मुद्दे पर वक्फ कानून विवाद को लेकर साफ रुख अपनाते हुए सूफी समुदाय की प्रतिक्रिया अब सामने आ रही है, जिसमें कड़ी चेतावनी दी जा रही है कि वक्फ माफिया की सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी। वहीं, मुजावर सेना के अध्यक्ष शेर मोहम्मद शाह ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक 2025 से न तो कब्रिस्तान, न दरगाह, न मस्जिद और न ही इमाम बारगाह को कोई खतरा है। अगर किसी को खतरा है तो वह वक्फ संपत्तियों पर कब्जा जमाए बैठे वक्फ माफिया को है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी 1947 में मिल गई थी, लेकिन हमारी कौम को वक्फ माफिया से आजादी इस कानून के माध्यम से मिलेगी। शेर मोहम्मद शाह ने कहा कि हम सूफी शाह सैय्यद जियारत अली मलंग हक्कानी मदारी के नेतृत्व में वक्फ माफिया को कानूनी हथियारों से उखाड़ फेंकेंगे और वक्फ संपत्तियों की रक्षा करेंगे। इस जन जागरूकता कार्यक्रम और परिचर्चा में पत्रकार किशन साहू, सादिक अली शाह, बडोद गादी सदर इसमाईल शाह आलोट, चंगेज अंसारी, छीका मुल्तानी, फिरोज उलह, शकील उल्ला, साजिद मुल्तानी, हाफिज गुलाम वारिस सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ratlam News: श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में विदुषी अंजली जोशी ने बताया भगवान नाम स्मरण का महत्व

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम स्थित कालिका माता मंदिर परिसर के सत्संग हॉल में गोयल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के तीसरे दिन विदुषी अंजली जोशी (बेटमा) ने श्रद्धालुओं को भगवान नाम स्मरण की महिमा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रतलाम की पवित्र सरस्वती नदी के तट पर वेदव्यास जी ने नारद जी की प्रेरणा से भगवान के नाम की महिमा को जानकर भगवान श्रीगणेश की सहायता से 18 हजार श्लोकों की श्रीमद्भागवत महापुराण की रचना की थी। विदुषी जोशी ने श्रद्धालुओं से कहा कि सच्चे मन से भगवान का नाम लेने मात्र से ही जीव का कल्याण हो जाता है। जब भक्त भावपूर्वक भगवान को अपने जीवन में स्थान देता है और उनसे मन की बात करता है, तब भगवान भी अपने भाव प्रकट करने लगते हैं। उन्होंने श्रीनाथ जी के अष्टसखाओं में से एक भक्त कुम्भनदास जी की कथा सुनाई, जिसमें बताया कि कैसे ठाकुरजी स्वयं उनसे बात करते थे और उनकी इच्छाएं पूरी करते थे। एक प्रसंग में श्रीनाथजी ने लीला करते हुए कुम्भनदास जी के कंधे पर चढ़कर एक गोपी के घर से माखन चुराया था। कथा में उन्होंने महाभारत के प्रसंगों का वर्णन करते हुए परीक्षित महाराज के जन्म, कलियुग के आगमन और शुकदेव मुनि द्वारा भागवत कथा श्रवण की कथा भी विस्तार से समझाई। वामन अवतार का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि यह भगवान विष्णु का पांचवां अवतार था, जो त्रेता युग में हुआ था। जब असुर राजा बलि ने देवताओं को पराजित कर स्वर्ग लोक पर अधिकार कर लिया, तब भगवान विष्णु ने देवमाता अदिति के गर्भ से वामन रूप में अवतार लिया। वामन द्वादशी के अवसर पर भगवान वामन का प्राकट्य उत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि समय को कोई रोक नहीं सकता, समय के साथ चलना ही सफलता की कुंजी है। यदि कोई व्यक्ति स्वर्ण या धातु का आभूषण खरीदता है, तो उसे पहले भगवान को अर्पण करना चाहिए ताकि उसमें जो भी दोष हों, वे समाप्त हो जाएं। इंद्रियों व सांसों पर नियंत्रण रखने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफल होता है। कथा का शुभारंभ प्रदीप गोयल, दिलीप गोयल, सत्यनारायण तथा कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट द्वारा पोथी पूजन से हुआ। अंत में आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। आज विशेष प्रवचनट्रस्ट उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट ने बताया कि 10 अप्रैल, गुरुवार की शाम महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानंद सरस्वती जी का रतलाम आगमन होगा। सायं 6 से 7 बजे तक कालिका माता सत्संग हॉल में स्वामी जी के विशेष प्रवचन होंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।

Ratlam News: रतलाम पुलिस की कांबिंग गश्त: 32 स्थाई वारंट, 127 गिरफ्तारी वारंट तामील, गुंडों और बदमाशों पर कसा शिकंजा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सभी अनुभागों में सीएसपी और एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाकर कार्रवाई की गई।   मुख्य बिंदु:   – 32 स्थाई वारंट और 127 गिरफ्तारी वारंट तामील   – जिलाबदर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और निगरानी गुंडों की सख्त जांच   – ढाबों, होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान   – रात्रि में बेवजह घूमने वालों को दी गई सख्त हिदायत   कैसे चला पुलिस का अभियान?   पुलिस महानिदेशक, भोपाल के निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिलेभर में कांबिंग गश्त का नेतृत्व किया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और प्रशिक्षु आईपीएस विक्रम अहिरवार के मार्गदर्शन में सीएसपी रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी रतलाम किशोर पाटनवाला, सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट शाबेरा अंसारी, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल, उप पुलिस अधीक्षक शेर सिंह भूरिया समेत जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।   पुराने पुलिस कंट्रोल रूम पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा ने पुलिस बल को आवश्यक निर्देश देकर कांबिंग गश्त के लिए रवाना किया। इसके बाद अनुभागीय पुलिस अधिकारियों सीएसपी और एसडीओपी ने अपने-अपने क्षेत्र में बल की ब्रीफिंग कर गश्त शुरू की।   अभियान के दौरान क्या हुआ?   – लंबे समय से फरार 32 स्थाई वारंटियों और 127 गिरफ्तारी वारंट की तामील कराई गई   – हिस्ट्रीशीटर, जिलाबदर और निगरानी गुंडों की चेकिंग की गई   – ढाबों, होटलों और सार्वजनिक स्थानों की सघन तलाशी ली गई   – रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वालों को समझाइश देकर घर भेजा गया   रतलाम पुलिस की सख्त चेतावनी   पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान और भी प्रभावी बनाया जाएगा ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे।  

MP News: त्योहारों पर रतलाम पुलिस हाई अलर्ट मोड में, ड्रोन कैमरों से रखी जा रही कड़ी निगरानी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: होली, धुलेंडी, रमजान और ईद उल फितर के मद्देनजर रतलाम पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं एसपी अमित कुमार खुद फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।   संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से नजर   एसपी अमित कुमार के निर्देशानुसार, जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है ताकि असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जा सके। एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं और ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित कर रहे हैं।   नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई   एसपी अमित कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी प्रकार के हुड़दंग से दूर रहें। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों, तेज गति से वाहन दौड़ाने वालों और दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक सवारी बैठाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ व आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है, ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।   पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Ratlam News: अधिकारों की मांग को लेकर पटवारियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: प्रांतीय पटवारी संघ, रतलाम शहर तहसील शाखा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। पटवारियों का कहना है कि शासन द्वारा लगातार नए-नए अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें उन्हें बिना किसी प्रशिक्षण के शामिल किया जाता है। साथ ही, इन अभियानों के लिए तैयार किए गए सॉफ्टवेयरों में तकनीकी समस्याएं बनी रहती हैं, जिससे उनका कार्य अधिक जटिल हो जाता है।   वर्तमान में फार्मर रजिस्ट्र्री और ई-केवाईसी अभियान से बढ़ी परेशानी   संघ के तहसील अध्यक्ष राजेश रावल ने बताया कि इस समय फार्मर रजिस्ट्र्री और भूमि के ई-केवाईसी अभियान चल रहा है। इसके अलावा, पटवारियों को सुबह 6 बजे से काम शुरू करना पड़ता है, जिसमें 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में प्रश्न पत्र निकालने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निपटारा, गिरदावरी, वेट लैंड सीमांकन और अन्य प्रशासनिक कार्य भी शामिल हैं। इन सबके चलते पटवारियों पर अत्यधिक कार्यभार है, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।   मुख्य मांगें:   1. अतिरिक्त हलकों का मानदेय: कई पटवारियों को वर्षों से अतिरिक्त हलकों का मानदेय नहीं मिला है। इसके लिए कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।   2. फार्मर रजिस्ट्र्री एवं ई-केवाईसी हेतु स्थायी व्यवस्था: तहसील में स्थायी केंद्र बनाए जाएं, ताकि शहर में निवासरत भूमिस्वामी इस प्रक्रिया को पूरा कर सकें।   3. ग्राम स्तर पर मोबाइल नंबर अपडेट कैंप: ई-केवाईसी के लिए आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना आवश्यक है, लेकिन अपडेट न होने से किसान परेशान हैं। इसके समाधान के लिए ग्राम स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएं।   4. न्यायालयीन आदेश समय पर उपलब्ध कराना: न्यायालयीन आदेशों में देरी से किसानों को परेशानी होती है और पटवारियों पर लापरवाही के आरोप लगते हैं।   5. कोर्ट कार्यवाही में होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति: पटवारियों को सिविल न्यायालय और हाईकोर्ट में जाने पर व्यक्तिगत खर्च उठाना पड़ता है। इसे शासकीय खर्च में शामिल किया जाए।   6. कोटवारों का बकाया वेतन: पिछले दो माह से कोटवारों को वेतन नहीं मिला है, इसे अविलंब जारी किया जाए।   अन्य मांगें:   – स्वामित्व योजना के मानदेय एवं डीए एरियर का भुगतान।   – पटवारियों की सीआर एवं सर्विस बुक की प्रतिलिपि उपलब्ध कराना।   – समयमान वेतनमान लागू करना।   – पटवारियों की आईडी से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान।   इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार, वरिष्ठ पटवारी ध्रुवलाल निनामा, संतोष राठौड़ सहित तहसील के कई पटवारी उपस्थित रहे।  

Ratlam News: रतलाम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का अनूठा आयोजन: दिवंगत 18 चिकित्सकों की फोटो गैलरी का अनावरण  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रतलाम द्वारा नगर के दिवंगत और प्रसिद्ध 18 चिकित्सकों की याद में डॉ. निशिकांत शर्मा मेमोरियल हॉल में फोटो गैलरी स्थापित की गई। इस भावनात्मक कार्यक्रम में दिवंगत चिकित्सकों के परिजन और नगर के वरिष्ठ चिकित्सक शामिल हुए। स्वर्गीय डॉक्टरों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, जिससे माहौल भावुक हो गया।   नगर के गौरवशाली चिकित्सा इतिहास का सम्मान   कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों ने नगर की स्वास्थ्य सेवाओं में दिवंगत डॉक्टरों के योगदान को याद किया। डॉ. जयंत सूभेदार ने IMA रतलाम के संस्थापक डॉ. केडीएस राव और रतलाम में अंग्रेजी शासनकाल के दौरान कार्यरत कैनेडियन डॉक्टर बॉब मैक्लोर के अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।   मध्य प्रदेश में पहली बार IMA द्वारा अनूठी पहल   वरिष्ठ नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण पुरोहित ने बताया कि मध्य प्रदेश में यह पहला अवसर है जब IMA द्वारा दिवंगत चिकित्सकों की स्मृति में स्थायी फोटो गैलरी स्थापित की गई है। वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट कैप्टन एन. के. शाह ने कहा कि इस कार्य में समय जरूर लगा, लेकिन दिवंगत चिकित्सकों के परिजनों से संपर्क स्थापित होने के बाद इसे मूर्त रूप दिया गया।   मुख्य अतिथियों ने की सराहना   कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल मंडल रतलाम के प्रबंधक अश्विनी कुमार और डॉ. अर्चना उपाध्याय ने इस सराहनीय पहल के लिए IMA रतलाम के सभी चिकित्सकों की प्रशंसा की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. डॉली मेहरा ने महिलाओं को जागरूकता और सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया।   भावुक क्षण: परिजनों की अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि   कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. निशिकांत शर्मा के चित्र पर उनके पुत्र डॉ. सूर्यकांत शर्मा और पुत्रवधु डॉ. ममता शर्मा द्वारा माल्यार्पण से हुई। 92 वर्षीय चंद्रकांता निगम ने अपने पति स्वर्गीय डॉ. नूर सिंह निगम (सेवानिवृत्त CMHO) की तस्वीर पर माल्यार्पण कर भावुकता व्यक्त की। अन्य दिवंगत चिकित्सकों के परिजनों ने भी अपने स्वजन को श्रद्धांजलि दी।   इन 18 दिवंगत चिकित्सकों को दी गई श्रद्धांजलि   इस फोटो गैलरी में शामिल चिकित्सकों में डॉ. बॉब मैक्लोर, डॉ. केडीएस राव, डॉ. फजल हक, डॉ. इंद्रमल चौधरी, डॉ. जीएम फडनिस, डॉ. नूर सिंह निगम, डॉ. बीडी पुरोहित, डॉ. दशरथ व्यास, डॉ. वीएस जैन, डॉ. एसएन मेहरा, डॉ. केके माहेश्वरी, डॉ. श्याम काबरा, डॉ. एमएल गुप्ता, डॉ. अनिल बाजपेई, डॉ. डीसी बोरिवाल, डॉ. पीडी बंसल, डॉ. पीआर सिंह और डॉ. मनोज सोलंकी के नाम शामिल हैं।    IMA रतलाम ने रचा इतिहास   इस कार्यक्रम में नगर के प्रमुख चिकित्सकों और IMA रतलाम के सदस्यों ने भाग लिया। संचालन डॉ. जयंत सूभेदार ने किया और IMA अध्यक्ष डॉ. गोपाल यादव ने आभार व्यक्त किया।