Ratlam News: IMA रतलाम की नई कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह सम्पन्न, डॉ चैतन्य खण्डेलवाल बने अध्यक्ष, डॉ विनय शर्मा ने संभाली सचिव की जिम्मेदारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क|Ratlam News: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रतलाम शाखा की नवीन कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह सूभेदार स्थित IMA हॉल में गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ चैतन्य खण्डेलवाल ने अध्यक्ष एवं डॉ विनय शर्मा ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ लीला जोशी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में CHMO डॉ संध्या बेलसरे और सिविल सर्जन डॉ एम.एस. सागर उपस्थित रहे। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ गोपाल यादव ने स्वागत भाषण देते हुए अपने कार्यकाल की गतिविधियों की जानकारी पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी। वहीं, निवर्तमान सचिव डॉ अभिषेक अरोरा ने सभी IMA सदस्यों को सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान किया गया। सम्मानित चिकित्सकों में प्रमुख रूप से पद्मश्री डॉ लीला जोशी, डॉ एम.ए. सय्यद, डॉ एन.के. शाह, डॉ वी.वी. पुरोहित, डॉ राजकुमारी पुरोहित, डॉ अनुराधा गोखले, डॉ गायत्री तिवारी, डॉ जी.पी. डबकरा, डॉ पी.एस. ठाकुर सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। नई कार्यकारिणी में प्रमुख पदाधिकारियों में — नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ चैतन्य खण्डेलवाल ने कहा कि आने वाले कार्यकाल में नियमित चिकित्सकीय कार्यशालाओं, स्वास्थ्य शिविरों और समाज व चिकित्सकों के बीच संवाद बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ स्मिता शर्मा ने किया जबकि आभार प्रदर्शन सचिव डॉ विनय शर्मा द्वारा किया गया।

Ratlam News: अनमोल पोर्टल के संबंध में मेडिकल ऑफिसर्स का उन्मुखीकरण सम्पन्न  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के जिला प्रशिक्षण केंद्र, विरियाखेड़ी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु मेडिकल ऑफिसर्स को अनमोल पोर्टल के उपयोग पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एम.एस. सागर ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यस्थल पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करें।   अनमोल पोर्टल: डिजिटल स्वास्थ्य प्रबंधन की ओर कदम   प्रशिक्षण में बताया गया कि अनमोल पोर्टल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं का ऑनलाइन पंजीयन किया जाता है। इस पोर्टल पर महिला की स्वास्थ्य स्थिति, हाई-रिस्क लक्षण, सभी प्रकार की जांच एवं टीकाकरण की जानकारी दर्ज की जाती है।   इसके अलावा, गर्भवती महिला का आधार नंबर, समग्र आईडी और बैंक खाता संख्या भी पोर्टल पर अपलोड की जाती है, जिससे उन्हें प्रसव के समय जननी सुरक्षा योजना एवं मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में प्राप्त हो सके।   लक्ष्य दंपत्तियों को लिंक करना अनिवार्य   डॉ. सागर ने कहा कि सभी लक्ष्य दंपत्तियों को अपना आधार नंबर एवं समग्र आईडी लिंक करवाना आवश्यक है ताकि भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद चिकित्सा अधिकारी अपने क्षेत्र में ANM एवं आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षित करें ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी संचालन हो सके और सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।   प्रशिक्षण में वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित   प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीएचओ डॉ. जितेंद्र जायसवाल, डीपीएम हीना मकरानी, सीपीएचसी कंसल्टेंट डॉ. संकल्प श्रीवास्तव, एम एंड ई अधिकारी आशीष कुमावत, जिला मीडिया अधिकारी आशीष चौरसिया, सचिन वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।  

Ratlam News: रतलाम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का अनूठा आयोजन: दिवंगत 18 चिकित्सकों की फोटो गैलरी का अनावरण  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रतलाम द्वारा नगर के दिवंगत और प्रसिद्ध 18 चिकित्सकों की याद में डॉ. निशिकांत शर्मा मेमोरियल हॉल में फोटो गैलरी स्थापित की गई। इस भावनात्मक कार्यक्रम में दिवंगत चिकित्सकों के परिजन और नगर के वरिष्ठ चिकित्सक शामिल हुए। स्वर्गीय डॉक्टरों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, जिससे माहौल भावुक हो गया।   नगर के गौरवशाली चिकित्सा इतिहास का सम्मान   कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों ने नगर की स्वास्थ्य सेवाओं में दिवंगत डॉक्टरों के योगदान को याद किया। डॉ. जयंत सूभेदार ने IMA रतलाम के संस्थापक डॉ. केडीएस राव और रतलाम में अंग्रेजी शासनकाल के दौरान कार्यरत कैनेडियन डॉक्टर बॉब मैक्लोर के अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।   मध्य प्रदेश में पहली बार IMA द्वारा अनूठी पहल   वरिष्ठ नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण पुरोहित ने बताया कि मध्य प्रदेश में यह पहला अवसर है जब IMA द्वारा दिवंगत चिकित्सकों की स्मृति में स्थायी फोटो गैलरी स्थापित की गई है। वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट कैप्टन एन. के. शाह ने कहा कि इस कार्य में समय जरूर लगा, लेकिन दिवंगत चिकित्सकों के परिजनों से संपर्क स्थापित होने के बाद इसे मूर्त रूप दिया गया।   मुख्य अतिथियों ने की सराहना   कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल मंडल रतलाम के प्रबंधक अश्विनी कुमार और डॉ. अर्चना उपाध्याय ने इस सराहनीय पहल के लिए IMA रतलाम के सभी चिकित्सकों की प्रशंसा की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. डॉली मेहरा ने महिलाओं को जागरूकता और सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया।   भावुक क्षण: परिजनों की अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि   कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. निशिकांत शर्मा के चित्र पर उनके पुत्र डॉ. सूर्यकांत शर्मा और पुत्रवधु डॉ. ममता शर्मा द्वारा माल्यार्पण से हुई। 92 वर्षीय चंद्रकांता निगम ने अपने पति स्वर्गीय डॉ. नूर सिंह निगम (सेवानिवृत्त CMHO) की तस्वीर पर माल्यार्पण कर भावुकता व्यक्त की। अन्य दिवंगत चिकित्सकों के परिजनों ने भी अपने स्वजन को श्रद्धांजलि दी।   इन 18 दिवंगत चिकित्सकों को दी गई श्रद्धांजलि   इस फोटो गैलरी में शामिल चिकित्सकों में डॉ. बॉब मैक्लोर, डॉ. केडीएस राव, डॉ. फजल हक, डॉ. इंद्रमल चौधरी, डॉ. जीएम फडनिस, डॉ. नूर सिंह निगम, डॉ. बीडी पुरोहित, डॉ. दशरथ व्यास, डॉ. वीएस जैन, डॉ. एसएन मेहरा, डॉ. केके माहेश्वरी, डॉ. श्याम काबरा, डॉ. एमएल गुप्ता, डॉ. अनिल बाजपेई, डॉ. डीसी बोरिवाल, डॉ. पीडी बंसल, डॉ. पीआर सिंह और डॉ. मनोज सोलंकी के नाम शामिल हैं।    IMA रतलाम ने रचा इतिहास   इस कार्यक्रम में नगर के प्रमुख चिकित्सकों और IMA रतलाम के सदस्यों ने भाग लिया। संचालन डॉ. जयंत सूभेदार ने किया और IMA अध्यक्ष डॉ. गोपाल यादव ने आभार व्यक्त किया।