Ratlam News: रतलाम में नई शराब दुकान का विरोध: महिलाओं का चक्काजाम, ‘जय भीम-जय भारत’ के नारों के बीच सड़क जाम

📖 1 min read

रतलाम के शहीद चौक से आबकारी चौराहे के बीच खुलने वाली नई शराब दुकान का जोरदार विरोध, महिलाओं ने सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में शहीद चौक से आबकारी चौराहे के बीच प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर एक बार फिर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को क्षेत्र के रहवासी, खासकर महिलाएं, तपती धूप में सड़क पर उतर आईं और दुकान के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गईं।

वीडियो देखे

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में ‘जय भीम, जय भारत’ के झंडे और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बैनर लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले इस विरोध के दौरान रहवासियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को मार्ग डायवर्ट करना पड़ा।

व्यापारियों ने भी दिया समर्थन

विरोध के चलते शहीद चौक व्यापारी संघ ने अपनी दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन को समर्थन दिया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।

रहवासियों की चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ेगा। रहवासियों ने बताया कि पास में पाठशाला और लाइब्रेरी है, जहां बच्चों का आना-जाना रहता है।
उनका कहना है कि एक ओर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी जगह पर शराब दुकान खोलना विरोधाभासी है। साथ ही शहीद चौक जैसे श्रद्धास्थल के पास दुकान खोलने पर भी लोगों ने नाराजगी जताई।

पहले भी हो चुका है विरोध

बताया जा रहा है कि इससे पहले शनिवार को भी रहवासियों ने इस दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, पहले शराब दुकान आबकारी कंपाउंड के अंदर स्थित थी, जिसे नए ठेके के बाद मुख्य सड़क पर स्थानांतरित किया जा रहा है। नए ठेकेदार द्वारा दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, हालांकि अभी तक दुकान में शराब का स्टॉक नहीं रखा गया है।

अधिकारियों का पक्ष

आबकारी सब इंस्पेक्टर पुष्पराज सिंह का कहना है कि दुकान में फिलहाल कोई सामान नहीं है और विरोध का कारण स्पष्ट नहीं है।

वहीं, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी है और संबंधित विभागों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी निर्णय से पहले स्थानीय रहवासियों की राय जरूर ली जाए।

0%