रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में भाईचारे को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उमर गांव के दर्जनपाड़ा में मंगलवार देर रात छोटे भाई ने बड़े भाई को सिर्फ खाना खाने की बात पर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।


जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम मंगलसिंह पिता हिमा वसुनिया (निवासी दर्जनपाड़ा) है, जबकि आरोपी छोटा भाई जितेंद्र उर्फ जीतू वसुनिया है। दोनों पिछले दो दिन से लगातार शराब पी रहे थे। मंगलवार रात करीब 10 बजे खाना खाने की बात पर दोनों में विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।

घर के बाहर मौजूद सतुरी बाई (मृतक के छोटे भाई रमेश की पत्नी) ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र ने मंगलसिंह से खाना खाने को कहा, लेकिन जब मंगलसिंह ने “बाद में खा लूंगा” कहा तो जितेंद्र भड़क गया और गाली-गलौज कर मुक्कों-थप्पड़ों से हमला कर दिया। झूमाझटकी में मंगलसिंह गिर गया और सिर में चोट लग गई।

रात में वह डर के मारे घर के आंगन में जाकर सो गया, लेकिन सुबह 6 बजे वह मृत अवस्था में मिला। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया, एसआई एम.आई. खान और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
मृतक के छोटे भाई रमेश वसुनिया ने बताया कि चार भाई-बहनों में मंगल दूसरे नंबर का था। सबसे बड़ा भाई कैलाश सूरत में मजदूरी करता है, तीसरा भाई जितेंद्र (आरोपी) और सबसे छोटा वह खुद है। मंगल और जितेंद्र साथ रहते थे और मजदूरी भी साथ करते थे। घटना से एक दिन पहले दोनों अस्पताल भी गए थे, लेकिन इलाज कराए बिना ही लौट आए थे।
पुलिस का बयान
राकेश खाखा, एएसपी, रतलाम ने बताया —
“खाना खाने को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ था। सुबह मंगल की मौत हो गई। सिर पर अंदरुनी चोट के चलते मृत्यु की आशंका है। हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।”
Latest News
- Ratlam News: जावरा में टैंकर के पहिए के आगे लेटा युवक, CCTV में कैद हुई घटना, मौत के बाद सड़क पर हंगामा
- Ratlam News: रतलाम में घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवारों ने पीछे से मारी गोली; CCTV में कैद हुए संदिग्ध
- रतलाम में सेवा भारती का भव्य कन्या पूजन समारोह, 1600 से अधिक कन्याओं का पूजन, 500 से ज्यादा समाजजन हुए शामिल