रतलाम में सेवा भारती द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। ‘सेवा’ विषय पर बनी रचनाओं ने समाज, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। सेवा भारती रतलाम द्वारा विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर के तीन प्रमुख विद्यालयों — पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रेलवे स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर, काटजू नगर — के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय “सेवा” रखा गया था। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला के जरिए समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की कल्पनाशीलता, रंगों का संयोजन और विषय की गहरी समझ ने निर्णायकों को भी काफी प्रभावित किया।
तीनों विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 10 विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया।
सेवा भारती रतलाम के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सेवा भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की पद्मनाभ जोशी, संगमित्रा सोनी, रेलवे स्कूल के प्राचार्य जयदेव गोस्वामी, राष्ट्रीय कलाकार महावीर प्रसाद वर्मा, आशुतोष शर्मा सहित सेवा भारती के पदाधिकारी अनुज छाजेड़, मोहित कसेरा, अभिनव बरमेचा, शीतल भंसाली, संगीता जैन, निधि अग्रवाल, आशा दुबे, संजीव पाठक, स्वाति पाटनी, नितिन फलोदिया, राकेश मोदी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।