रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सैलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत करिया गांव में बुधवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला के घर मुस्लिम युवक के आने की जानकारी ग्रामीणों को लगी। आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला के घर पहुंचकर युवक के साथ मारपीट की और घर व कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया।
WATCH VIDEO
युवक को पकड़कर की मारपीट, कार छोड़कर भागा
जानकारी के अनुसार, गांव में रहने वाली 35 वर्षीय तलाकशुदा महिला के घर बुधवार शाम करीब 6:30 बजे राजस्थान के बांसवाड़ा से एक युवक आया था। ग्रामीणों को जब युवक के गांव में आने की खबर मिली तो बड़ी संख्या में लोग महिला के घर पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान महिला के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। हालात बिगड़ते देख युवक अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घर और कार में की तोड़फोड़
ग्रामीणों ने महिला के घर का दरवाजा, टीन शेड और कवेलू तोड़ दिए। वहीं युवक की कार के आगे और साइड के कांच फोड़ दिए गए। आधी नंबर प्लेट भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
महिला का आरोप: “मदद करने आया था मुंहबोला भाई”
महिला ने सैलाना थाने में नामजद आवेदन देकर बताया कि युवक उसका मुंहबोला भाई है, जो घर की छत पर पल्ली लगाने में मदद करने आया था। उसने आरोप लगाया कि राहुल बैरागी, जितेंद्र बैरागी, नंदकिशोर पाटीदार, किशन और सोहन नायक सहित अन्य लोगों ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। महिला ने कहा कि “अगर कुछ गलत मिला हो तो सजा दें, लेकिन बेवजह मारपीट करना अपराध है। मैं पढ़ी-लिखी हूं और कानून जानती हूं।”
जान-माल की सुरक्षा की मांग
महिला ने आवेदन में परिवार और मुंहबोले भाई की सुरक्षा की मांग की है। उसने घर में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की भी मांग की है। घटना के बाद महिला के बच्चे डरे हुए हैं।
कार पर राजनीतिक चिन्ह
मौके पर मिली कार पर भाजपा का कमल चिन्ह और ‘अल्पसंख्यक मोर्चा, बांसवाड़ा’ लिखा हुआ है। हालांकि नंबर प्लेट आंशिक रूप से टूटी हुई पाई गई है।
पुलिस का बयान
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि बाहरी युवक के गांव में आने की सूचना पर कुछ लोग आक्रोशित हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। महिला के आवेदन पर जांच की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।